राजेश सरकार / प्रयागराज
कांवड़ यात्रा से लौटे 21 वर्षीय युवक की मंगलवार को यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना शहर से सटे यमुनानगर नैनी थानाक्षेत्र के महेवा घाट की है। महेवा कस्बा निवासी रोहित ताड़माली ई रिक्शा चलाता है। उसके पिता कंचन ताड़माली महेवा में सब्जी की दुकान लगाया करते थे। जानकारी के अनुसार रोहित ताड़माली अपने दोस्तों के साथ डीजे पर भगवान शिव की मूर्ति स्थापित कर काशी विश्वनाथ, वाराणसी तक कांवड़ यात्रा पर गया था। सोमवार को वह यात्रा लेकर वापिस लौट था। मंगलवार 18 अगस्त को सुबह करीब दस बजे वह साथियों के साथ भगवान शिव की मूर्ति विसर्जित करने महेवा घाट पहुंचा और यमुना नदी में उतर गया। विसर्जन के लिए कुछ दूर तैर कर आगे जाने पर रोहित गहरे पानी में समाता चला गया और डूब गया। उसे डूबता देख साथियों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद रोहित को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर और मोहल्ले में मातम पसरा है।
