सोम प्रकाश / मुंबई
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘प्रेम कीटाणु’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच फिल्म के निर्माताओं ने इसका पहला गाना ‘अंडी बंडी’ रिलीज कर दिया है। जी म्यूजिक कंपनी के साथ मिलकर रिलीज किए गए इस गाने में वीर पहाड़िया पूरे जोश के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। गाने का संगीत और अंदाज पूरी तरह बॉलीवुड वाला है, जो अपनी ऊर्जा और धुन से तुरंत ध्यान खींचता है।
‘अंडी बंडी’ अपनी दमदार बीट और आकर्षक धुन के साथ ऐसा माहौल बनाता है, जो सुनते ही थिरकने पर मजबूर कर देता है। चाहे हाउस पार्टी हो या अकेले ही डांस करने का मन हो, यह गाना हर मूड के लिए उपयुक्त लगता है। गाने में वही युवा जोश और मस्ती देखने को मिलती है, जो ‘प्रेम कीटाणु’ की दुनिया का हिस्सा है-दोस्ती, प्यार, क्रश और दिल टूटने के उन अनुभवों के साथ, जिनसे हर युवा कभी न कभी गुजरता है।
‘अंडी बंडी’ फिल्म के संगीत एलबम की पहली झलक है। ‘प्रेम कीटाणु’ में कुल सात गाने हैं, जिन्हें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बी. प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य जैसे जाने-माने गायकों ने अपनी आवाज दी है। एलबम में रैपर लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक भी शामिल हैं।
फिल्म के संगीत को सचेत-परंपरा, अंकर पाठक, राहुल मिश्रा, द रिश और शशि सुमन ने तैयार किया है। गानों के बोल कुणाल वर्मा, सचिन उमर्तोष, प्रिंस दुबे, संदीप सिंह सरदारा और मीर ने लिखे हैं।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म युवाओं के एक समूह की कहानी है, जो दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्यार और बड़े होने के साथ आने वाले दिल टूटने जैसे अनुभवों से गुजरता है।
‘प्रेम कीटाणु’ गौरव वर्मा की अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म है। इससे पहले रेड चिलीज एंटरटेनमेंट में बतौर निर्माता अपने सफर के दौरान गौरव वर्मा ‘डार्लिंग्स’, ‘भक्षक’, ‘जवान’ और ‘बदला’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और ‘एस्पिरेंट्स’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए पहचाने जाने वाले अपूर्व सिंह कार्की के लिए यह फिल्म एक हल्के-फुल्के और युवा अंदाज की ओर कदम है। वहीं, ‘अंडी बंडी’ में वीर पहाड़िया का एक अलग अंदाज देखने को मिल रहा है।
‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
