आउट ऑफ पवेलियन : अमिताभ श्रीवास्तव
बिलकुल, किसे पसंद नहीं है वैभव सूर्यवंशी का खेल। जिस खिलाड़ी ने सिर्फ १५ साल की उम्र में क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी हो उसे कौन पसंद नहीं करेगा। पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत का मानना है कि वैभव एक बार फिर क्रिकेट को दिलचस्प बना रहे हैं। इस युवा खिलाड़ी का क्रेज इतना है कि श्रीकांत की पत्नी भी उनके लिए क्रिकेट देख रही हैं। जी हां, वैभव के लिए यह साल दमदार रहा है। पहले उन्होंने ७७६ रन बनाकर आईपीएल २०२६ की ऑरेंज वैâप जीती, जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में दो अर्धशतक लगाए और फिर दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच में ९२ रन और ४० रन की पारी खेली। वो अब एशियन गेम्स और अफगानिस्तान के खिलाफ टी२० सीरीज में भी धमाल मचाना चाहेंगे। अपने यूट्यूब चैनल पर क्रिस श्रीकांत ने कहा, ‘वह बहुत शानदार खेल रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और कभी हतोत्साहित नहीं करना चाहिए। अगर उन्हें सही ढंग से ढाला जाए, तो वैभव बहुत बड़े सुपरस्टार बन जाएंगे। वह टेस्ट क्रिकेट को अपना गौरव वापस दिलाएंगे। सभी ने सिर्फ उन्हीं की वजह से दलीप ट्रॉफी देखी। मेरी पत्नी भी सिर्फ उन्हीं की वजह से मैच देख रही थीं।’
रेसलिंग की दुश्मन रानियां
डब्ल्यूडब्ल्यूई का अपना अलग ही मजा है। यहां जो होता है वो कहीं नहीं होता। खासकर महिला रेसलरों के बीच। अब देखिये न, महिला रेसलर ब्लेक मुनरो और जूलिया की दुश्मनी लगातार बढ़ती जा रही है। दोनों के बीच तय मुकाबले से पहले ही एक बार फिर जमकर बवाल हुआ। डब्ल्यूडब्ल्यूई के शेयर किए ९५ सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि दोनों में इस कदर भिड़ंत हुई कि अधिकारियों को दोनों को अलग करना पड़ा। पोस्ट में लिखा गया कि दोनों एक-दूसरे को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। पोस्ट में आगे बताया गया कि मैच शुरू होने से पहले ही ब्लेक मुनरो और जूलिया फिर से आपस में भिड़ गर्इं। करीब ९५ सेकंड के इस वीडियो की शुरुआत ब्लेक मुनरो के इंटरव्यू से होती है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आता है, लेकिन इसके बाद माहौल अचानक बदल जाता है। जूलिया और ब्लेक मुनरो के बीच तनातनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल जाती है। जूलिया अपनी प्रतिद्वंद्वी पर हावी होती नजर आती हैं और उन्हें खींचकर अपने कब्जे में ले लेती है। मामला इतना बढ़ जाता है कि दोनों के बीच चल रही इस भिड़ंत को रोकने के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूई अधिकारियों को दखल देना पड़ता है। एरिना के फर्श पर भी दोनों के बीच संघर्ष जारी रहता है, जिसके बाद अधिकारियों को दोनों को अलग करना पड़ता है। इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि ब्लेक मुनरो और जूलिया के बीच दुश्मनी सिर्फ रिंग तक सीमित नही रह गई है। इससे पहले भी दोनों के बीच स्मैकडाउन स्टेज पर टकराव देखने को मिला था।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
