पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर ‘कुर्सी बचाओ’ खेल शुरू हो गया है। सात खिलाड़ियों और दो कोचों को घर का रास्ता दिखाने के बाद अब सीनियर सेलेक्टर आकिब जावेद की कुर्सी पर भी संकट मंडरा रहा है। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी के बदलावों के एलान के बीच टीम के ड्रेसिंग रूम से भी चौंकाने वाली खबरें बाहर आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम उल हक को सिर्फ खराब फॉर्म नहीं, बल्कि कथित तौर पर ड्रेसिंग रूम के व्यवहार के चलते भी बाहर किया गया। तीनों को कमिटी के सामने पेश होकर इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे के दौरान अपने आचरण पर सफाई देनी पड़ सकती है। इमाम का कथित ‘फेक इंजरी’ विवाद भी फिर गरमा गया है। उधर, कोच माइक हेसन की पसंद से टीम में पांच अनकैप्ड खिलाड़ियों की एंट्री ने चयन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिसबाह उल हक के इस्तीफे की पेशकश के बाद अब आकिब जावेद पर भी गाज गिरने के संकेत हैं। यानी पाकिस्तान क्रिकेट में खिलाड़ी बदल रहे हैं, कोच बदल रहे हैं और अब शायद चयन समिति की भी सफाई होने वाली है!
