सीटी संग डेट पर जाएंगी फाएड्रा
रियलिटी शो की दुनिया में कब दुश्मनी दोस्ती और दोस्ती प्यार में बदल जाए, कहना मुश्किल है! अब ऐसा ही कुछ हुआ है फाएड्रा पार्क्स और सीटी टैम्बुरेलो के साथ। दोनों की मुलाकात साल २०२३ में रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के दौरान हुई थी। शो में दोनों की नोकझोंक और खास केमिस्ट्री ने तभी दर्शकों का ध्यान खींच लिया था। अब करीब दो साल बाद वही पुरानी केमिस्ट्री असली रोमांस में बदलती नजर आ रही है। फाएड्रा ने हाल ही में एक रेडियो कार्यक्रम में आखिरकार मान लिया कि सीटी के साथ उनका रिश्ता महज दोस्ती वाला नहीं है। इतना ही नहीं, दोनों आज यानी ५ सितंबर को क्रिएटिव आर्ट्स एमी पुरस्कार समारोह में साथ पहुंचने वाले हैं। सीटी समारोह में प्रस्तोता होंगे और फाएड्रा उनकी ‘डेट’ बनकर जाएंगी। मसाला यहीं खत्म नहीं होता! कुछ समय पहले सीटी ने सोशल मीडिया पर एमी समारोह के लिए साथी तलाशने की बात कही थी। जवाब में फाएड्रा ने ऐसा इशारा किया कि प्रशंसकों की बांछें खिल गर्इं। अब दोनों की बढ़ती नजदीकियां देखकर सवाल उठ रहा है, क्या रियलिटी शो का यह अधूरा प्रेम अब असल जिंदगी में पूरी कहानी लिखेगा?
