-मुनीर की सेना पर
-बलूचिस्तान का ‘डबल अटैक’
-वीडियो जारी कर पाक को चिढ़ाया
बलूचिस्तान में अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ दो बड़े हमलों का दावा कर हलचल बढ़ा दी है। जियारत क्रॉस और सुराब के हाजिका इलाके में हुए इन हमलों में बीएलए ने कुल २५ पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मारने का दावा किया है। बीएलए ने एक नाटकीय, फिल्मी शैली का वीडियो भी जारी किया है जिसमें धमाके, गोलीबारी और पाकिस्तानी सेना का एक ट्रक जलता हुआ नजर आ रहा है।
बीएलए के मुताबिक, जियारत क्रॉस पर उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के काफिले की चार गाड़ियों को निशाना बनाया। संगठन ने १८ जवानों के मारे जाने और पांच के घायल होने का दावा किया। वहीं, सुराब में रिमोट-कंट्रोल विस्फोट के जरिए सात सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने की बात कही गई है। लगातार हमलों ने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस खतरनाक हमले ने बीएलए के `फतेह स्क्वाड’ को एक बार फिर से चर्चा में ला दिया है। एक खास लड़ाकू यूनिट, `फतेह स्क्वाड’ मुख्य रूप से बलूचिस्तान के पहाड़ी इलाकों में काम करती है और गुरिल्ला युद्ध और जोखिम भरे घात लगाकर हमले करने में माहिर है।
