राजेश सरकार / प्रयागराज
सजगता और हौसले से ही नारी शक्ति का सशक्तिकरण संभव है। कुछ इसी संकल्प के साथ आज यमुनापार स्थित सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र, नैनी में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक भव्य और बेहद संवेदनशील कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खाकी और बचपन के बीच हुए इस अनूठे संवाद में बेटियों को न सिर्फ सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया, बल्कि उनके भीतर छिपे डर को दूर कर आत्मविश्वास की नई ऊर्जा भरी गई।
कानूनी अधिकार और साइबर क्राइम से कराया रू-बरू
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नैनी कोतवाली के कड़क और संवेदनशील थाना निरीक्षक श्रीमान अविनाश कुमार ने छात्राओं को वर्तमान समय की चुनौतियों से आगाह किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर फ्रॉड से बचाव और दैनिक जीवन में सतर्क रहने की बारीकियां सिखाईं।
विशिष्ट अतिथि उप निरीक्षक सपना यादव, दिव्या कुमारी और अभिलाषा मौर्या ‘नैंसी’ ने सूबे की सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (जैसे- 1090, 112) की कड़ियों को बेहद सरल ढंग से समझाया। पुलिस टीम ने एक सुर में कहा, “मुसीबत के समय आपकी सजगता ही आपकी सबसे बड़ी ढाल है।”
जब पुलिस कप्तानों के सामने खुला बच्चियों के सवालों का पिटारा
कार्यक्रम का सबसे रोचक और जीवंत हिस्सा रहा ‘सवाल-जवाब का सत्र’। जब मंच से अधिकारियों ने छात्राओं को बेबाकी से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया, तो बच्चियों ने एक के बाद एक सुरक्षा, कानून और समाज के डर से जुड़े कई तीखे प्रश्न पूछ डाले। अधिकारियों ने भी बेहद आत्मीयता से हर एक प्रश्न का व्यावहारिक समाधान दिया, जिसे सुनकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सफल संचालन और गरिमामयी नेतृत्व
इस पूरे भव्य आयोजन की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती बबीता शर्मा ने की। मंच का कुशल संचालन विद्यालय की आचार्या आशा तिवारी ने अपनी चिर-परिचित ओजस्वी शैली में किया।
यह पूरा आयोजन विद्यालय के कुशल मार्गदर्शक और प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र के सूक्ष्म निरीक्षण व देख-रेख में बेहद अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। इस खास मौके पर विद्यालय के सभी आचार्य बंधु और आचार्य दीदियां मौजूद रहीं, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
