योगेश कुमार सोनी / ग्रेटर नोएडा
जनपद गौतमबुद्ध नगर में समस्त परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में निरंतर संचालित किया जा रहा है। उनके निर्देशानुसार शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
इसी क्रम में आज शनिवार को जनपद के चारों ब्लॉक दनकौर, जेवर, बिसरख और दादरी के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मीन मंच की साप्ताहिक गतिविधि का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विवरण
राज्य परियोजना कार्यालय “समग्र शिक्षा” द्वारा प्रस्तावित कैलेंडर के अनुसार आज की गतिविधि सेल्फ एस्टीम (आत्म-सम्मान) पर आधारित थी।
इस सप्ताह के लिए निर्धारित गतिविधि
“हमारा परिवार एवं लिंग भेदभाव- अरमान” पर चर्चा, “गायब हाथी” कॉमिक बुक का एकल पाठ करना व आदर्श रूप से संबंधी बच्चों के अनुभव सुनकर चर्चा का आयोजन किया गया।
सुगमकर्ताओं द्वारा बच्चों को कॉमिक बुक के माध्यम से परिवार में लड़के-लड़कियों के साथ होने वाले भेदभाव और उससे पार पाकर अपने अरमानों को पूरा करने की प्रेरणा दी गई। बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए।
समाज को संदेश
इस गतिविधि से समाज को स्पष्ट संदेश गया कि परिवार ही समानता की प्रथम पाठशाला है। यदि परिवार में बेटे-बेटी को एक समान प्यार, शिक्षा और अवसर मिलेंगे तो लिंग भेदभाव स्वतः समाप्त हो जाएगा। बच्चों में बचपन से ही आत्म-सम्मान का भाव जागृत करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे बड़े होकर एक समानता मूलक समाज का निर्माण कर सकें।
अधिकारियों के विचार
इस अवसर पर बालिका शिक्षा जिला नोडल अर्चना पांडे ने बताया कि “मीन मंच के माध्यम से हम बच्चियों में छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी बात निडरता से रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ‘अरमान’ जैसी कहानियाँ उन्हें सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस देती हैं।”
जिला समन्वयक श्री विनय कुमार सिंह ने कहा कि “लिंग विभेद से ऊपर उठकर समाज को कार्य करना होगा और बच्चों में अभी से इसके बारे में बातचीत करनी चाहिए। जब हम कक्षा में ही बच्चों से समानता पर चर्चा करेंगे, तभी समाज की सोच बदलेगी।”
समस्त कार्यक्रम का सफल संचालन जिला समन्वयक, ब्लॉक नोडल, मास्टर ट्रेनर एवं समस्त सुगमकर्ताओं के सहयोग से किया गया।
