-उत्तराखंड के स्टार भजन गायक शेखर जायसवाल के सुरों पर झूम उठे श्रद्धालु
राजेश सरकार / प्रयागराज
स्वदेशी कॉटन मिल ग्राउंड परिसर में आयोजित नैनी सार्वजनिक रामलीला समिति ट्रस्ट के मंच पर शुक्रवार की शाम भक्ति के अनूठे रंग में रंगी नजर आई। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के भव्य राजतिलक समारोह के दिव्य मंचन के बाद, जैसे ही उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध युवा भजन गायक शेखर जायसवाल ने मंच संभाला, पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। शेखर जायसवाल के रॉकस्टार लुक, अनोखे गायकी अंदाज और मंत्रमुग्ध कर देने वाले भजनों को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी दीवानगी देखी गई।
राजतिलक के वैदिक मंत्रोच्चार से हुई शुरुआत
भजन संध्या से ठीक पहले रामलीला समिति की ओर से भव्य राजतिलक समारोह का मंचन किया गया। पुरोहित द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चारों भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और उनकी पत्नियों का तिलक किया गया। इस अलौकिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं।
जब गूंजे शेखर के लोकप्रिय भजन, तो नर्तक बन गए श्रद्धालु
राजतिलक की औपचारिकताएं पूरी होते ही शेखर जायसवाल का जबरदस्त लाइव परफॉर्मेंस शुरू हुआ। उन्होंने अपने सुपरहिट भजनों से समां बांध दिया। जैसे ही उन्होंने अपने सबसे लोकप्रिय भजनों की तान छेड़ी, पंडाल में बैठा हर एक श्रद्धालु झूमने और नृत्य करने पर मजबूर हो गया। ” बिगड़ी संवारे बाबा बिगड़ी संवारे “
“मुझको नंदी बना ले भोले, चरणों में रख ले…
ओह मेरी गौरा दीवानी, ओह मेरा भोला ना माने…”
इन पंक्तियों के गूंजते ही पंडाल का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। इसके बाद उन्होंने शिवभक्तों के दिलों पर राज करने वाला अपना एक और लोकप्रिय मोड़ लिया…
“तुझसे मिलने बाबा मैं केदार आ रहा हूं…
तेरे नाम की माला जपके, भव से पार जा रहा हूं…”
शेखर जायसवाल की मखमली और ओजपूर्ण आवाज का जादू ऐसा चला कि देर रात तक स्वदेशी कॉटन मिल का प्रांगण भक्ति के समंदर में गोते लगाता रहा। भजनों की सुमधुर लहरियों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे और आयोजन ऐतिहासिक बन गया।
