अनिल मिश्र / रांची
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रखंड प्रशासन ने पहल की है। उपायुक्त पलामू के आदेशानुसार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी जागो महतो ने राजहरा पंचायत के वार्ड संख्या एक के वार्ड सदस्य विनय कुमार यादव को ट्राईसाइकिल प्रदान की। ट्राईसाइकिल मिलने से उनके आवागमन में सुविधा होगी और दैनिक कार्यों में सहूलियत मिलेगी। ट्राईसाइकिल सौंपने के बाद उन्हें प्रखंड सह अंचल कार्यालय से रवाना किया गया। इस दौरान बीडीओ जागो महतो ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित दिव्यांग व्यक्ति को मेठ के रूप में काम उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि उन्हें रोजगार का अवसर मिल सके और वे अपनी आजीविका चला सकें। वहीं
ट्राईसाइकिल मिलने से जहां दिव्यांग व्यक्ति को आवागमन में राहत मिलेगी, वहीं रोजगार उपलब्ध कराने के आश्वासन से आर्थिक आत्मनिर्भरता की उम्मीद भी जगी है। मौके पर प्रखंड प्रमुख सुनील कुमार पासवान, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुनिल कुमार सहित कई कर्मी मौजूद थे।
