अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के सासाराम नगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी दुल्हन सहित तीन महिला आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़ी गई महिलाओं के पास से ठगी के जेवरात और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।झूठी शादी रचाकर 50 हजार रुपये ऐंठने का आरोप
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़ित दयाशंकर कुमार ने 23 अक्टूबर को नगर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक सुनियोजित साजिश के तहत उनकी झूठी शादी कराई गई और झांसा देकर उनसे 50,000 रुपये की ठगी कर ली गई। आवेदन के आधार पर पुलिस ने सासाराम नगर थाना कांड संख्या 800/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 61(2), 316(2) और 81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और मामले की जांच शुरू की।दोनों पक्षों की बिचौलिया बनकर रची गई साजिश
अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि इस ठगी के खेल में दोनों पक्षों की ओर से बिचौलियों का नेटवर्क सक्रिय था। इसमें लड़का पक्ष की तरफ से मध्यस्थता सीता देवी ने की थी, जबकि लड़की पक्ष की ओर से मध्यस्थता गुड़िया देवी द्वारा की गई थी। योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित को विश्वास में लेकर शादी का नाटक रचा गया और फिर पैसे ऐंठ लिए गए।गिरफ्तार अभियुक्त और बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। सीता देवी पति: ददन राम, निवासी: ग्राम व थाना- नोखा
गुलबशा खातून (फर्जी दुल्हन, पति: मेराज फारूकी उर्फ मिराज फारूकी)
गुड़िया देवी पति गोरख चौधरी, निवासी बौलिया रोड, सासाराम
गिरफ्तार महिलाओं के पास से पुलिस ने काले मोती से बना एक पीले रंग का मंगलसूत्र, दो चांदी के रंग की पायल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।छापेमारी टीम की सक्रियता
नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. रामजीवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि. अजीत कुमार, पु.अ.नि. नन्दलाल कुमार, पु.अ.नि. अक्षय कुमार, पु.अ.नि. उज्जवल कुमार के अलावा सिपाही आजाद कुमार, सिपाही चांदनी कुमारी एवं सिपाही इन्द्रावती कुमारी शामिल थीं। पुलिस अब पकड़ी गई महिलाओं का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है तथा गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।
