राजेश सरकार / प्रयागराज
तीर्थराज प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब राहगीरों की नजर एक विशालकाय अजगर पर पड़ी। सड़क किनारे इतने बड़े अजगर को रेंगते देख इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कोई डर के मारे पीछे हट रहा था, तो कोई इस ‘अजगरराज’ का वीडियो बनाने में जुटा था।
सड़क पर अजगर मिलने की खबर हवा की तरह फैली और पूरे इलाके में उत्सुकता का माहौल बन गया। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जाने-माने वन्यजीव संरक्षक और सर्पमित्र अंकित टार्जन को दी। सूचना मिलते ही अंकित टार्जन बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
अंकित टार्जन का हैरतअंगेज रेस्क्यू
भीड़ के शोर और अजगर के आक्रामक रुख के बावजूद अंकित टार्जन ने बेहद सूझबूझ और फुर्ती का परिचय दिया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बेहद सुरक्षित तरीके से उस भारी-भरकम अजगर को काबू में किया और उसे एक बोरे में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
“बेजुबानों को मारें नहीं, बचाएं”
अंकित टार्जन केवल साँपों का रेस्क्यू ही नहीं करते, बल्कि वे लगातार लोगों को इन वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने के मिशन में जुटे हैं। रेस्क्यू के बाद लोगों को संदेश देते हुए अंकित टार्जन ने कहा, अजगर या सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उन पर हमला करें। वन्यजीव हमारी प्रकृति का अनमोल हिस्सा हैं और उनकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। जब भी ऐसा कोई जीव दिखे, तो खुद पकड़ने की गलती न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यूअर या वन विभाग को सूचित करें।”
अंकित टार्जन के इस साहसिक कदम की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है। रेस्क्यू किए गए अजगर को जल्द ही सुरक्षित रूप से घने जंगल में छोड़ दिया गया।
