मुख्यपृष्ठनए समाचारविकास के नाम पर सह्याद्रि के जंगलों का कत्लेआम!

विकास के नाम पर सह्याद्रि के जंगलों का कत्लेआम!

-आदित्य ठाकरे ने कर्जत के सायडोंगर पहुंचकर पेड़ों की कटाई का किया निरीक्षण
-टोरेंट पावर के फायदे के लिए महाराष्ट्र की वन संपदा कुर्बान करने का आरोप

`विकास का आकर्षक नाम देकर सह्याद्रि की गोद में प्रकृति का निर्मम विनाश किया जा रहा है। टोरेंट पावर कंपनी के फायदे के लिए महाराष्ट्र की अमूल्य वन संपदा को उजाड़ा जा रहा है।’

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में विकास के नाम पर प्राकृतिक संपदा को उजाड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। रायगढ़ जिले के कर्जत स्थित सायडोंगर में टोरेंट पावर कंपनी की प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना के लिए हजारों पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने बुधवार को सायडोंगर पहुंचकर जंगल में हो रही पेड़ों की कटाई का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों तथा आदिवासी समुदायों के साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।
आदित्य ठाकरे ने इस कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि विकास का आकर्षक नाम देकर सह्याद्रि की गोद में प्रकृति का निर्मम विनाश किया जा रहा है। टोरेंट पावर कंपनी के फायदे के लिए महाराष्ट्र की अमूल्य वन संपदा को उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर निजी कंपनी के हितों के लिए जंगलों और स्थानीय लोगों के अधिकारों की बलि क्यों दी जा रही है? इस परियोजना के लिए लगभग ३२,४९० पेड़ों की कटाई और २३३ हेक्टेयर वनभूमि के हस्तांतरण को लेकर पर्यावरण प्रेमियों तथा स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। परियोजना की लागत लगभग १३,५०० करोड़ रुपए बताई जा रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि जंगल उजड़ने से उनकी आजीविका, पशुओं के चारे और पारंपरिक जीवन पर गंभीर संकट खड़ा होगा।

अन्य समाचार