मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : गर्व से कहो... मथुरा को भी लूटेंगे!

संपादकीय : गर्व से कहो… मथुरा को भी लूटेंगे!

भारतीय जनता पार्टी तेरह वर्षों से देशभर में सत्ता में है। वह हिंदुत्व के मुद्दे पर ही सत्ता में आई, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी उसका हिंदुत्व कोरा ही रहा। चुनाव आते ही उनका हिंदुत्व का खांसी-दौरा शुरू हो जाता है और चुनाव के परिणाम आते ही खांसी अपने आप बंद हो जाती है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव जल्द ही होने वाले हैं। इसलिए उन्हें खांसी का दौरा पड़ा है। भाजपा ने अब घोषणा की है कि, `हम हिंदुत्व के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे और मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा करेंगे।’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य आदि नेताओं ने मथुरा में प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक की और हिंदुत्व के मुद्दे को एक बार फिर तूल देने का निर्णय लिया। पिछले बारह-तेरह वर्षों में भाजपा ने केवल सत्ता का उपभोग किया। हिंदुत्व के लिए कुछ नहीं किया। उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार भारी बहुमत वाली है। इसलिए मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण करने से उन्हें किसी ने नहीं रोका था। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने घोषणा की, `अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी।’ यदि अयोध्या की तरह मथुरा में भव्य मंदिर बनने वाला है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है, लेकिन अयोध्या की कारसेवा के समय निर्दोष लोगों की बलि चढ़ाकर भाजपावालों ने वैâसे दुम दबाकर रास्ता नापा, यह देश ने देखा है। बाबरी ढांचे की जिम्मेदारी शिवसेना पर मढ़कर भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया था। हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने हालांकि, उन भगोड़ों की परवाह किए बिना कहा था- `हां, यदि यह कार्य मेरे शिवसैनिकों ने किया है तो मुझे इस पर गर्व है।’ भाजपा ने हमेशा हिंदुत्व से मुंह मोड़ा है। उनका हिंदुत्व संस्कार, संस्कृति, राष्ट्रीय एकात्मता नहीं, बल्कि हिंदू-मुसलमान
दंगे और प्रक्षोभ
भड़काना भर है। मथुरा की कारसेवा चुनाव से पहले दंगे भड़काने की चाल है। मथुरा में शांतिपूर्ण तरीके से भी मंदिर का नक्शा तैयार किया जा सकता है। इसे कोई नहीं रोकेगा। उत्तर प्रदेश फिलहाल भाजपा का गढ़ है, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में वह डगमगा गया। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को ४१ लोकसभा सीटें जीतने में सफलता मिली। इसमें `अयोध्या’ भी शामिल है। अयोध्या हिंदुत्व का गढ़ केवल भाजपा का नहीं, समस्त भारतवर्ष का है। फिर भी वहां भाजपा की करारी हार हुई। अयोध्या के `राममंदिर’ की तिजोरियों और दानपात्रों को लूटने का `हिंदुत्ववादी’ पराक्रम हाल ही में भाजपा ने दिखाया है। राममंदिर ट्रस्ट के नाम पर बड़ा जमीन घोटाला इन्हीं लोगों ने किया। इसीलिए `राममंदिर लूट लिया, अब मथुरा की बारी’ केशव मौर्य की यह घोषणा उस अर्थ में सही है। भाजपा सरकार ने काशी में सैकड़ों मंदिरों पर बुलडोजर चलवाए, कश्मीर के हिंदू पंडितों की घरवापसी अभी तक हुई ही नहीं है, देश के हजारों किसानों ने पिछले दस वर्षों में आत्महत्या की। वे सभी हिंदू ही हैं। आज बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। वे बेरोजगार युवा हिंदू ही हैं। पेपर लीक से त्रस्त होकर `जेन जी’ सड़क पर उतरी, वे युवा भी हिंदू ही थे। हालांकि, उन युवाओं को नक्सली ठहराकर कुचलने का प्रयास इन्हीं फर्जी हिंदुत्ववादियों ने किया। पुलवामा के आतंकवादी हमले में मारे गए जवान और पहलगाम में आतंकवादियों के हमले में मारे गए पर्यटक हिंदू ही थे। जो सरकार हिंदुओं की रक्षा नहीं कर सकती, वह किस मुंह से हिंदुत्व के नाम पर वोटों की भीख मांगेगी? केवल मंदिरों की राजनीति करना ही यदि हिंदुत्व है, तो मोदी, शाह, योगी, केशव मौर्य आदि लोगों को सत्ता त्यागकर दुनियाभर में जगह-जगह
मंदिरों के निर्माण के कार्य में
खुद को खपा लेना चाहिए। मंदिरों का निर्माण करना सरकार का काम नहीं है। इसके लिए कई धार्मिक और ट्रस्ट संस्थाएं हैं। भाजपावाले मंदिर निर्माण करते हैं और उनके ही लोग मंदिरों पर डाका डालते हैं, यही इनकी नीयत है। राहुल गांधी और संपूर्ण `इंडिया’ गठबंधन द्वारा `वोट चोरी’ पर लगाम लगाने के बाद अब भाजपावालों ने मथुरा की कारसेवा का शिगूफा छोड़ा है, क्या यह हिंदू भाइयों को समझ नहीं आता? आने वाले समय में राममंदिर के नाम पर वोट नहीं मांगे जा सकेंगे। इसीलिए भाजपावालों ने अब श्रीकृष्ण को अपना लिया है, लेकिन कृष्ण के वंशज `यादव’ हैं और उन यादवों का नेतृत्व अखिलेश यादव कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के राज में जातिवाद, धर्मवाद चरम पर है। योगी भले ही `संत’ आदि हों, लेकिन मूल रूप से ठाकुर होने के कारण उत्तर प्रदेश में `ठाकुर’ राज चल रहा है। इसलिए अन्य जातियों और उपजातियों में सुलगन है। उत्तर प्रदेश में भाजपा मजबूत है, ऐसा अमित शाह ने हाल ही में घोषित किया। इसके लिए उन्होंने मथुरा की भूमि चुनी। शाह का कहना है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में `अंगद का पांव’ है। कृष्ण जन्मभूमि पर शाह को रामायण का हवाला देना पड़ा। अंगद बाली का पुत्र था। वह रामायण का एक बलवान वानर योद्धा था। लंका में रावण के दरबार में पहुंचकर अंगद ने अपना एक पांव जमीन पर मजबूती से गड़ा दिया और यह चुनौती दी कि, `यदि किसी में हिम्मत है तो इस पांव को हिलाकर दिखाए।’ रावण की सभा का कोई भी व्यक्ति, यहां तक कि रावण भी उस पांव को नहीं हिला सका। शाह का कहना है कि भाजपा अंगद के पांव जितनी मजबूत है और चुनाव जीतने के लिए वे कृष्ण के चरणों में लोट रहे हैं। क्योंकि भाजपा के खुद के पांव डगमगा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में ही जनता ने `अंगद का पांव’ हिला दिया था। शाह यदि खुद को अंगद समझ रहे हैं, तो यह उनका भ्रम है।

अन्य समाचार