मुख्यपृष्ठस्तंभतीर-ए-तौसीफ : दो भारत की विचारधाराएं

तीर-ए-तौसीफ : दो भारत की विचारधाराएं

-सोनिया गांधी के आईने में मोदी का व्यक्तित्व और देश की आत्मा का सवाल

तौसीफ कुरैशी

राजनीति में असहमति कोई नई बात नहीं है। लोकतंत्र की खूबसूरती ही यही है कि यहां विचार टकराते हैं, तर्क होते हैं और सत्ता से सवाल पूछे जाते हैं। लेकिन जब राजनीतिक असहमति व्यक्तिगत दूरी, वैचारिक नफ़रत और विरोधियों को मिटा देने की जिद में बदलने लगे, तब सवाल केवल किसी एक नेता का नहीं रह जाता, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद का हो जाता है। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और उनकी राजनीतिक विचारधारा का जो चित्र खींचा है, वह इसी बड़े सवाल की तरफ हमारा ध्यान खींचता है।
दो अलग-अलग विचार और नजरिए
सोनिया गांधी की लिखी बातों को सरल भाषा में समझें तो उनका कहना है कि नरेंद्र मोदी और उनके बीच केवल राजनीतिक विरोध नहीं है, बल्कि भारत को देखने और समझने के नजरिये का बुनियादी अंतर है।
पहला नजरिया: वह भारत है, जिसकी कल्पना आजादी की लड़ाई के नेताओं ने की थी, जहां अलग-अलग धर्म, भाषाएं, संस्कृतियां और विचार एक साथ रह सकें।
दूसरा नजरिया: वह भारत है, जिसकी वैचारिक जमीन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सोच से तैयार होती है, जहां एक धर्म और एक सांस्कृतिक पहचान को बाकी पहचानों से ऊपर रखने का उतावलापन है।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी से उनकी कभी कोई आत्मीय बातचीत नहीं हुई। संसद के औपचारिक कार्यक्रमों में मुलाकात होती है तो केवल नमस्ते तक बात सीमित रहती है। वह यह भी महसूस करती हैं कि मोदी अक्सर नजरें मिलाने से बचते हैं।
यह छोटी-सी बात लग सकती है, लेकिन सोनिया गांधी के लिए यह उस राजनीतिक संस्कृति से अलग तस्वीर है, जिसमें विरोधी दलों के नेता राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और गर्मजोशी बनाए रखते थे। सवाल यह है कि क्या भारतीय राजनीति से वह परंपरा धीरे-धीरे खत्म हो रही है, जिसमें विरोधी को दुश्मन नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का जरूरी हिस्सा माना जाता था?
राजनीतिक संस्कार और धर्म की सच्ची परिभाषा
सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक संस्कारों का जिक्र करते हुए लिखा है कि उन्होंने भारत को अपने परिवार से समझा। उनके मुताबिक, भारत की असली पहचान उसकी विविधता, सहिष्णुता, समानता और आजादी में है। उन्होंने अपनी सास इंदिरा गांधी और महात्मा गांधी व पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों से जो सीखा, उसमें धर्म किसी दूसरे धर्म को छोटा दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि इंसान को जोड़ने का रास्ता था। इसके बरक्स वह मोदी की विचारधारा को आरएसएस के प्रशिक्षण और उसके राजनीतिक-सांस्कृतिक नजरिये से जोड़ती हैं। इस सोच में धार्मिक पहचान को राजनीतिक हथियार बनाया जाता है और सत्ता तथा नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाती है।
यहां एक बात समझना जरूरी है। हिंदुस्थान का हिंदू धर्म किसी एक राजनीतिक संगठन की जागीर नहीं है। उसकी परंपरा हजारों वर्षों में बनी है। उसमें दर्शन है, अध्यात्म है, बहस है, असहमति है और सुधार की लंबी परंपरा है। कबीर से लेकर स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और अनेक समाज सुधारकों तक ने भारतीय धार्मिक परंपराओं को इंसानियत और समानता के नजरिये से समझने की कोशिश की है।
सोनिया गांधी ने इसी संदर्भ में एक बेहद महत्वपूर्ण संस्कृत सूत्र का उल्लेख किया है, `एकम् सत् विप्रा बहुधा वदन्ति।’ अर्थात् सत्य एक है, लेकिन ज्ञानी लोग उसे अलग-अलग तरीकों से व्यक्त करते हैं। यह केवल धार्मिक विचार नहीं, बल्कि भारत की बहुलतावादी संस्कृति का दर्शन है। इस दर्शन में दूसरे की आस्था को नकारने के बजाय उसके अस्तित्व का सम्मान किया जाता है।
संसद की गरिमा और `कांग्रेस-मुक्त भारत’ का नारा
सोनिया गांधी ने संसद में प्रधानमंत्री की भाषा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संसद जैसे गंभीर लोकतांत्रिक मंच पर भी विपक्ष का मजाक उड़ाना और कटु भाषा का इस्तेमाल करना राजनीतिक संवाद की गरिमा को कमजोर करता है। जवाहरलाल नेहरू उनके मुताबिक, संघ परिवार के निशाने पर इसलिए भी रहते हैं, क्योंकि उन्होंने आधुनिक भारत को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता की दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यहां सोनिया गांधी का एक और सवाल विचारणीय है। भाजपा का `कांग्रेस-मुक्त भारत’ का नारा आखिर किस तरह के लोकतंत्र की कल्पना करता है? क्या लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल को विचारधारा सहित समाप्त कर देने की इच्छा स्वस्थ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का संकेत है?

कांग्रेस की नीतियों से असहमति हो सकती है, उसके शासन की आलोचना हो सकती है, लेकिन किसी विचारधारा को मिटा देने का सपना लोकतांत्रिक बहुलता के अनुकूल नहीं कहा जा सकता। सोनिया गांधी यह भी स्वीकार करती हैं कि भारतीय समाज में जातिगत ऊंच-नीच और असमानता की गहरी समस्याएं रही हैं। लेकिन भारत की सुधारवादी परंपरा ने इन्हीं समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाई है। इसका मतलब यह है कि भारतीय संस्कृति स्थिर और बंद व्यवस्था नहीं रही, बल्कि अपने भीतर सुधार और आत्मालोचना की गुंजाइश रखती आई है।
असली सवाल: हम आने वाली पीढ़ियों को कैसा भारत देना चाहते हैं?
दरसअल, इस पूरे प्रसंग का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सोनिया गांधी और नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत संबंध नहीं हैं। असली सवाल उस भारत का है जिसे हम आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ना चाहते हैं।
क्या वह भारत होगा जहां नागरिक की पहचान उसके धर्म से पहले उसके अधिकारों से तय होगी?
जहां सत्ता से सवाल पूछना देशद्रोह नहीं माना जाएगा?
जहां प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता एक-दूसरे से असहमत होते हुए भी लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखेंगे?
नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने तीन बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर दिया है। उनके समर्थकों को उनकी नीतियों पर गर्व करने का पूरा अधिकार है। उसी तरह विपक्ष को उनकी नीतियों, विचारधारा और कार्यशैली पर सवाल उठाने का अधिकार है। यही लोकतंत्र है। लेकिन सत्ता का बहुमत किसी विचार को अंतिम सत्य नहीं बना देता।
सोनिया गांधी की किताब में दर्ज विचारों से कोई सहमत हो या असहमत, उन्हें पढ़ने और उन पर बहस करने में हर्ज क्या है? लोकतंत्र में किताबों का जवाब किताबों से, विचारों का जवाब विचारों से और आरोपों का जवाब तथ्यों से दिया जाना चाहिए।
भारत किसी एक व्यक्ति, पार्टी या संगठन की बनाई हुई जागीर नहीं है। यह उन करोड़ों लोगों का देश है, जिनकी भाषा अलग है, पूजा के तरीके अलग हैं, खानपान अलग है, लेकिन संविधान ने उन्हें बराबरी का अधिकार दिया है। आखिर भारत की ताकत उसकी एक जैसी पहचान में नहीं, बल्कि अलग-अलग पहचानों के साथ एक होकर रहने में है। यही गांधी का भारत है, यही संविधान की आत्मा है और यही वह विरासत है जिसे बचाने की जिम्मेदारी किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि हर भारतीय की है।
सत्यमेव जयते

अन्य समाचार