-ओबीसी प्रमाणपत्र को चुनौती, सदस्यता पर लटकी तलवार
-१६ नवंबर को जाति पड़ताल समिति करेगी अंतिम सुनवाई
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर महानगरपालिका की चुनावी पिच पर जीत का परचम लहराने वाली भाजपा नगरसेविका मेबल नोएल कोरिया की सदस्यता पर अब ‘रिव्यू’ की तलवार लटक गई है। प्रभाग क्रमांक ६ (अ) से चुनी गर्इं कोरिया के जाति प्रमाण पत्र की वैधता को लेकर बड़ा राजनीतिक और कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार द्वारा ‘अपील’ किए जाने के बाद अब यह पूरा मामला ‘थर्ड अंपायर’ यानी जिला जाति प्रमाण पत्र पड़ताल समिति के पाले में जा पहुंचा है। समिति इस प्रकरण पर आगामी १६ नवंबर को अंतिम सुनवाई करेगी, जिससे उनकी नगरसेवक पद की पारी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। जनवरी २०२६ को सम्पन्न हुए मनपा चुनावों में प्रभाग ६ की ओबीसी आरक्षित सीट से निर्वाचित हुर्इं मेबल कोरिया की प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार सरिता शिंदे (शिंदे गुट) ने इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।
ज्ञात हो कि कोरिया ने शिंदे को ७,०३५ मतों के भारी अंतर से पराजित किया था। इस हार के बाद सरिता शिंदे ने कोरिया के जाति प्रमाण पत्र को चुनौती देते हुए आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि मेबल कोरिया का विवाह पूर्व नाम मेबल लुईस फरेरा है और उनका जन्म वर्ष १९७१ में मनोरी में हुआ था। शिकायतकर्ता का दावा है कि मेबल का पैतृक और मूल निवास मनोरी में होने के बावजूद, उन्होंने धारावी के पते का उपयोग कर मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय से ओबीसी जाति प्रमाण पत्र बनवाया और उनके शैक्षणिक और स्कूल छोड़ने के प्रमाण पत्रों के साथ-साथ पैतृक निवास के दस्तावेजों पर भी आपत्ति जताई गई है। इसके अलावा २५ दिसंबर २०२५ को प्रमाण पत्र जारी होने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि मेबल कोरिया ने चुनाव के दौरान जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था, लेकिन नियमों के तहत उन्हें जाति वैधता प्रमाण पत्र जमा करने के लिए समय दिया गया है।
इन्हीं आपत्तियों के आधार पर पड़ताल समिति ने १ जुलाई २०२६ को उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। बहरहाल, इस सियासी मुकाबले में दोनों पक्षों की दलीलों के बीच अब सभी की निगाहें १६ नवंबर पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि ‘थर्ड अंपायर’ की स्क्रीन पर दस्तावेजों की जांच के बाद भाजपा नगरसेविका ‘नॉट आउट’ करार दी जाती हैं या फिर जाति प्रमाण पत्र के पेंच में ‘क्लीन बोल्ड’ होकर अपनी सीट गंवा बैठती हैं।
