एजेंसी / नई दिल्ली
दीपावली पर जहां पूरी दुनिया रोशनी और खुशियों के पटाखे फोड़ने की तैयारी कर रही है, वहीं ईरान ने अंकल सैम को तबाही के पटाखों की चेतावनी दे डाली है। तेहरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दोटूक संदेश दिया है कि अगर अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान को छेड़ने की हिमाकत की, तो ऐसा जवाब मिलेगा जिसकी गूंज पीढ़ियों तक सुनाई देगी। ईरान की इस धमकी ने पश्चिम एशिया में तनाव की चिंगारियों को और हवा दे दी है। अब सवाल यह है कि अंकल सैम इस चेतावनी को गंभीरता से लेंगे या बारूद के ढेर पर बैठकर आतिशबाजी का जोखिम उठाएंगे।
मध्यपूर्व में एक बार फिर युद्ध का बारूद सुलगने लगा है। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की सैन्य जमावट ने हालात और विस्फोटक बना दिए हैं। इसी बीच ईरान ने अमेरिका को सीधी चुनौती देते हुए साफ कह दिया है कि यदि उसने ईरान पर हमला करने की हिमाकत की तो अंजाम अमेरिका को ही भुगतना पड़ेगा। ईरान पर हमला करने वालों का अपना ही पतन और विनाश तय है। ईरान की सेना ने अमेरिका को दोटूक चेतावनी दी है कि अब धमकियों और सैन्य दबाव से डरने का दौर खत्म हो चुका है। रविवार को जारी बयान में ईरानी सेना ने कहा कि अमेरिका अब तक अपनी सैन्य ताकत के दम पर ईरान को डराने और झुकाने की कोशिश करता रहा है, लेकिन उसकी हर चाल नाकाम साबित हुई है। अमेरिका को अपना दबदबा कायम करने और दुश्मनी की नीति छोड़नी चाहिए।
ईरान ने यह भी साफ कर दिया है कि अमेरिका या उसका साथ देने वाला कोई भी देश हमला करता है तो इस बार जवाब पहले से कहीं ज्यादा विनाशकारी होगा। इजरायल ने भी दोबारा हमला किया तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। एक तरफ अमेरिका की सैन्य तैयारियां और दूसरी तरफ ईरान का आक्रामक तेवर, दोनों ने मध्यपूर्व को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है। अब सवाल यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान की इस खुली चेतावनी को नजरअंदाज करेंगे या युद्ध का रास्ता छोड़ेंगे? जरा सी चूक पूरे क्षेत्र को भीषण युद्ध की आग में झोंक सकती है।
