मुख्यपृष्ठसमाचारजमीन के लालच में भाई ने करवाई भाई की हत्या, कप्तान प्राची...

जमीन के लालच में भाई ने करवाई भाई की हत्या, कप्तान प्राची के कड़े रुख से कुछ घंटे में हुआ पर्दाफाश

डॉ. मंगलेश्वर त्रिपाठी / आंबेडकर नगर

रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना आज सुबह थाना मालीपुर क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ दियरा से सामने आई। जमीन हड़पने के लालच में एक सगे भाई ने अपने ही भाई की हत्या की साजिश रची और उसे अपनी पत्नी व भांजे के हाथों अंजाम दिलवा दिया। लेकिन पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के त्वरित हस्तक्षेप और कड़े पर्यवेक्षण के चलते मालीपुर पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह अपनी तेजतर्रार कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। पदभार संभालने के बाद से ही उन्होंने अपराध नियंत्रण और त्वरित विवेचना को प्राथमिकता दी है। इसी रणनीति का परिणाम रहा कि आज एक जटिल हत्याकांड का खुलासा सुबह होते-होते कर लिया गया।
दिनांक 20.08.2026 को सुबह 8:20 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि तेंदुआ दियरा में अजय शुक्ला पुत्र बैजनाथ शुक्ला का शव पड़ा है और उसके पैर में तार बंधा है। सूचना मिलते ही एसपी प्राची सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व क्षेत्राधिकारी जलालपुर के पर्यवेक्षण में तीन टीमें गठित कर तत्काल जांच के आदेश दिए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के अविवाहित होने और उसकी कोई संतान न होने की जानकारी मिली। इसी बिंदु पर शक गहराया। कड़ाई से पूछताछ में सारा सच सामने आ गया। पता चला कि मृतक की जमीन हड़पने के लिए उसके सगे भाई राजेश शुक्ला ने अपनी पत्नी सोनी शुक्ला और साली के बेटे अनिरुद्ध मिश्रा के साथ मिलकर पूरी साजिश रची।
आरोपियों ने बताया कि रात में अजय को नशे की हालत में देखकर पहले चाकू से कई वार किए गए। जब वह तड़पने लगा तो गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए शव के पैर के अंगूठे में तार बांधकर बिजली का स्विच चालू कर दिया गया, ताकि लगे कि करंट लगने से मौत हुई है।
एसपी के निर्देश पर मालीपुर पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की और घटना के कुछ घंटों के भीतर ही साजिश के मास्टरमाइंड राजेश शुक्ला, उसकी पत्नी सोनी शुक्ला और भांजे अनिरुद्ध मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ थाना मालीपुर में मु.अ.सं. 153/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के कुछ घंटों के भीतर खुलासा और गिरफ्तारी से आम जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की त्वरित विवेचना से न सिर्फ पीड़ित पक्ष को न्याय मिलता है, बल्कि अपराधियों में भी कानून का भय पैदा होता है।

अन्य समाचार