मुख्यपृष्ठसमाचारइंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 12.5 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली से...

इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 12.5 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली से अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 65 हजार रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी निवासी एक पीड़ित ने 5 मई, 2026 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस का कर्मचारी एवं अधिकारी बताने वाले ठगों ने प्रीमियम जमा कराने और अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर उससे 12.5 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त (अपराध) नीतू कादयान तथा अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) नृपेंद्र के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) विदुष सक्सेना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों में छापेमारी के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार गौतम (28), अमन कुमार (20), विष्णु कुमार (21), राहुल कुमार (25) और आलोक सिंह (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 65 हजार रुपये नकद तथा एक चारपहिया वाहन बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुराने इंश्योरेंस पॉलिसीधारकों का डेटा हासिल कर खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर अधिक रिटर्न और पॉलिसी अपडेट कराने का झांसा देते थे। ठगी की रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर विभिन्न खातों के जरिए घुमाई जाती थी और बाद में नकद निकाल ली जाती थी।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम, वाराणसी में मुकदमा संख्या 0015/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के अंतर्गत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में की गई ठगी की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार का भुगतान केवल कंपनी के आधिकारिक माध्यमों से ही करें।

अन्य समाचार