मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर प्रदेश से : दोस्त-दोस्त न रहा...

उत्तर प्रदेश से : दोस्त-दोस्त न रहा…

रोहित माहेश्वरी

अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर २५ फीसदी टैरिफ लगाए जाने की घोषणा पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद राम गोपाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का व्यवहार वैसा ही है, जैसे अमेरिका राजा हो और बाकी दुनिया उसकी प्रजा। राम गोपाल ने कहा कि कुछ दिन पहले ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को `दोस्त’ कहा था, लेकिन वहीं दूसरी ओर यह भी जता दिया कि उन्हें पाकिस्तान से भी प्रेम है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह अमेरिका के दबाव में न आए और राष्ट्रीय स्वाभिमान के अनुरूप कड़ा रुख अपनाए। राम गोपाल यादव का कहना है कि इस तरह का व्यवहार आज तक किसी बड़े और ताकतवर देश ने नहीं किया। ट्रंप ने १ अगस्त से टैरिफ लागू करने और भारत पर अतिरिक्त जुर्माने की बात कही है, जिसे लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

योगी राज में ईमानदारी की सजा उठक-बैठक!
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की पुवायां तहसील में एक चौंकानेवाली घटना सामने आई, जब नवागत एसडीएम और आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही को तहसील परिसर में वकीलों के विरोध के बीच कान पकड़कर उठक-बैठक करनी पड़ी। यह विवाद तब शुरू हुआ जब राही ने एक वकील के मुंशी को खुले में पेशाब करते देखा और फटकार लगाई। इसके बाद वकीलों ने इसे अपमानजनक बताते हुए धरना दे दिया। स्थिति को शांत करने के लिए ईमानदार छवि के लिए जाने जाने वाले राही ने खुद को ही सजा दी और उठक-बैठक लगाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि क्या योगी राज में ईमानदार अधिकारियों को ही सजा मिल रही है?

महिलाओं के सम्मान पर
बीजेपी का दोहरा चरित्र उजागर
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर संसद में जब एनडीए सांसद विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब डिंपल यादव ने तीखा पलटवार करते हुए बीजेपी पर महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेहतर होता यदि बीजेपी मणिपुर की शर्मनाक घटनाओं के दौरान भी इसी तरह संसद में प्रदर्शन करती और पीड़ित महिलाओं के साथ खड़ी होती। डिंपल यादव ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महिला सैन्य अफसरों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की भी याद दिलाई और पूछा कि तब बीजेपी क्यों चुप थी? उन्होंने साफ किया कि महिला प्रतिनिधित्व अब चुप बैठने वाला नहीं है।

अन्य समाचार