मुख्यपृष्ठनए समाचारटिकट तो ले आए, कार्यकर्ता कहां से लाएंगे गोयल! ... उत्तर मुंबई से...

टिकट तो ले आए, कार्यकर्ता कहां से लाएंगे गोयल! … उत्तर मुंबई से शेट्टी का कटा टिकट

कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी
अनिल पांडेय / मुंबई
उत्तर मुंबई के लोकप्रिय सांसद गोपाल शेट्टी का आगामी लोकसभा चुनाव के लिए टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चहेते पीयूष गोयल को उम्मीदवारी देने से क्षेत्र के कार्यकर्ता वह पदाधिकारी स्तब्ध और नाराज हैं। गोपाल शेट्टी ने नगरसेवक, विधायक और सांसद तक के सफर में उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र के कोने-कोने को छान मारा है और लगभग हर मतदाता तक उनका व्यक्तिगत संपर्क है, पीयूष गोयल को स्थानीय कार्यकर्ता बाहरी और पैराशूट उम्मीदवार मान रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया है, यही कारण है कि उम्मीदवारी की घोषणा होते ही गोपाल शेट्टी के समर्थक और स्थानीय भाजपाइयों ने देर रात तक बोरीवली में सड़क पर उतरकर मोर्चा निकालकर आंदोलन किया और केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।
गोपाल शेट्टी केंद्रीय नेतृत्व के इस पैâसले पर कोई अनर्गल बयान भले ही न दे रहे हों और लाख कह रहे हों कि भाजपा नेतृत्व का निर्णय उन्हें स्वीकार है और वे कोई विरोध नहीं कर रहे। उन्होंने पीयूष गोयल को काबिल नेता बताते हुए यहां तक कह दिया है कि भाजपा कार्यकर्ता उन्हें जिताने के लिए कटिबद्ध हैं, पर जमीनी हकीकत ये है कि उत्तर मुंबई में कार्यकर्ता गोपाल शेट्टी पर हुए कथित अन्याय से दु:खी हैं। हालात नहीं सुधरे तो अब तक भारतीय जनता पार्टी के लिये अन्य औसत सीटों की तुलना में ‘सेफ’ सीट मानी जानेवाली उत्तर मुंबई की सीट पर हार निश्चित है, यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा।
राजनीतिक विश्लेषक और आरटीआई एक्टिविस्ट किरण मांजरेकर के अनुसार, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के इस पैâसले से मुंबई बीजेपी में घबराहट है, यही कारण है कि कार्यकर्ताओं के गुस्से को शांत करने और गोपाल शेट्टी को मनाने के लिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गोपाल शेट्टी के घर आकर रात में कई घंटे उन्हें मनाने की कोशिश की गई।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र में, भाजपा के चार चुने हुए विधायक योगेश सागर, मनीषा ताई चौधरी, सुनील राणे और अतुल भातखलकर तथा दो विधान परिषद के विधायक प्रवीण दरेकर और विजय भाई गिरकर हैं। इसके बावजूद, केंद्रीय नेतृत्व बाहर से उम्मीदवार देता है, यह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है, स्थानीय स्तर पर भाजपा के पास सांसद के लिए एक उम्मीदवार तक नहीं है,
एक कार्यकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि पीयूष गोयल टिकट तो ले आए, कार्यकर्ता कैसे से लाएंगे, उत्तर मुंबई की जनता में विश्वास कहां से ला सकेंगे।
एक अन्य सूत्र के अनुसार, तीन बार नगरसेवक, दो बार विधायक तथा दो बार सांसद रहे गोपाल शेट्टी संसद रत्न तक का तमगा प्राप्त कर जनता से लेकर पार्टी नेतृत्व तक का पूरा विश्वास हासिल करनेवाले नेता रहे हैं। संसद में शत-प्रतिशत उपस्थित रहनेवाले, सैकड़ों उद्यान, मैदान, सर्कल, प्रतिमाओं, चौकों का निर्माण और लोकार्पण करनेवाले गोपाल शेट्टी एसआरए से जुड़े मामलों में नागरिकों के हित में अनेकों पैâसले कराने में कामयाब रहे। ‘गोपाल’ के अनगिनत कामों ने उत्तर मुंबई को जैसे ‘वृंदावन’ बनाने का ईमानदार प्रयास किया है। ऐसे में उनका टिकट कटने से बवंडर तो आना ही था। अब देखना ये है कि सांसद गोपाल शेट्टी और उनके कार्यकर्ताओं का अगला कदम क्या होगा।

गोपाल शेट्टी की नाराजगी दूर करने फडणवीस ने लगाई दौड़ … राज्यपाल बनाए जाने का दिया लॉलीपॉप
भाजपा ने उत्तर मुंबई से सांसद गोपाल शेट्टी का टिकट काट कर उनकी जगह पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को यहां से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने से गोपाल शेट्टी सहित उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई। शेट्टी और उनके समर्थकों के अलावा उत्तर मुंबई में रहने वाले ४.५ लाख शेट्टी समुदाय की नाराजगी बीजेपी के पैराशूट उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में भारी पड़ सकती है। ऐसी खबर लगते ही बीजेपी के दिल्ली में बैठे आलाकमान के निर्देश पर सांसद शेट्टी की नाराजगी को दूर करने के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार की रात करीब ११.१५ बजे उनके आवास पर पहुंचे थे। सूत्रों की मानें तो बंद कमरे में हुई बातचीत के दौरान फडणवीस और आलाकमान की ओर से शेट्टी को उत्तर भारत के किसी राज्य का राज्यपाल बनाने का लॉलीपॉप दिया गया है।
बता दें कि बुधवार को उत्तर मुंबई के सांसद गोपाल शेट्टी का आगामी लोकसभा चुनाव का टिकट उनकी पार्टी बीजेपी द्वारा काट दिया गया। शेट्टी का टिकट काटे जाने की खबर उत्तर मुंबई में आग की तरह पैâल गई और उनके समर्थकों की भारी भीड़ बोरीवली स्थित उनके कार्यालय के बाहर जमा हो गई। उस दौरान समर्थकों ने शेट्टी के पक्ष में और बाहरी उम्मीदवार पीयूष गोयल के विरोध में नारे लगाए। समर्थक इतने गुस्से में थे कि पीयूष गोयल को पार्टी द्वारा जबरन थोपा गया। उम्मीदवार कहते हुए उन्हें हराकर घर भेजने की बात कहते सुने गए। उत्तर मुंबई में गोपाल शेट्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि २०१४ ने कांग्रेस पार्टी के सांसद रहे संजय निरुपम को ४,४६,५८२ वोट से हराने के बाद २०१९ में कांग्रेस की उम्मीदार फ़िल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को ४, ६५,२४७ वोट से हराकर विजयी हुए थे।
समर्थकों का यह भी कहना है कि शेट्टी उत्तर मुंबई के साथ-साथ मुंबई में रहने वाले लगभग १५ लाख शेट्टी समुदाय के प्रतिनिधि हैं। बीजेपी ने शेट्टी का टिकट काट कर उनके समर्थकों के साथ-साथ १५ लाख शेट्टी समुदाय को भी नाराज कर दिया है। ऐसे में यह नाराजगी बीजेपी के लिए दूरगामी दुष्परिणाम दे सकती हैं।

अन्य समाचार