हरियाणा के पंचकुला जिले में सोमवार तड़के से ही लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में हो रही भारी वर्षा के चलते घग्गर नदी और बरसाती नाले उफान पर हैं। जिले के कई इलाकों में जलभराव और संपर्क मार्गों के टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बारिश के कारण खडूनी गांव में करीब १ करोड़ रुपए की लागत से बना पुल मिनटों में पूरी तरह बह गया।
बता दें कि निजी कंपनी द्वारा खडूनी गांव के लिए बनाया गया करीब एक करोड़ रुपए की लागत का पुल भी तेज बहाव में बह गया। इस पुल के बहने से गांव का संपर्क मार्ग टूट गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू करने और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बरसात के मौसम में बार-बार ऐसी स्थिति पैदा होती है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं। पुल के बहने से गांव का मुख्य संपर्क मार्ग टूट गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छामला गांव में एक और पुल बारिश के पानी में डूब गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब मोरनी से पंचकुला आ रही यात्रियों से भरी एक बस फिसलकर खाई की ओर लु़ढ़कने लगी। दरअसल, बारिश के कारण पहाड़ से मिट्टी खिसककर सड़क पर आ गई थी, जिससे कीचड़ जम गया। इसी कीचड़ में फिसलकर बस नियंत्रण खो बैठी। घटना के दौरान बस में २० से २५ यात्री सवार थे, जिनमें से सभी सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद और ड्राइवर की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने फिलहाल लगातार बारिश का अलर्ट दिया हुआ है। इसको देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्कूल बंद किए हुए हैं। जो लोग गांव से शहरों की तरफ रोजी-रोटी कमाने जाते हैं, उनके लिए अभी बारिश एक बड़ी समस्या बन चुकी है।
