– दो वरिष्ठ दिवंगत पत्रकारों को दी गई श्रद्धांजलि
अनिल मिश्र / पटना
धार्मिक, अध्यात्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक नगरी गयाजी में आज
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गयाजी नगर क्षेत्र में स्थित गांधी मंडप में पत्रकारिता जगत के दो वरिष्ठ एवं समर्पित पत्रकार स्व. रामजी सिंह शर्मा एवं स्व. देवब्रत मंडल की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार सूर्य प्रताप श्रीकांत ने की। श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने दोनों दिवंगत पत्रकारों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर पत्रकारों ने यूनियन की ओर से राष्ट्रीय मांगों का समर्थन करते हुए राष्ट्रपति के नाम डीएम के माध्यम से दिए जाने वाले ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किया। पत्रकारों के हक और हुकूक की बातें भी बैठक के दौरान आयीं। बने मीडिया आयोग के पुनर्गठन के साथ-साथ, श्रमजीवी की जगह मीडिया यूनियन बनने पर विचार-विमर्श हुआ, ताकि इसमें सभी स्तर के पत्रकारों को शामिल किया जा सके। चाहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो प्रिंट मीडिया हो यूटूबर्स हों, सभी को शामिल करने पर विमर्श किया गया। साथ ही पत्रकारों को मिलने वाले पेंशन के नियमावली को सरल बनाने पर भी पत्रकारों ने अपनी राय रखीं। बैठक में माहौल बेहद भावुक रहा और दोनों वरिष्ठ पत्रकारों को याद करते हुए कई साथी पत्रकारों की आंखें नम हो गयीं। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कलम के माध्यम से समाज को दिशा देने वाले पत्रकार भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी लेखनी, विचार और जनहित के लिए किये गये कार्य हमेशा जीवित रहेंगे। स्व. रामजी सिंह शर्मा एवं स्व. देवब्रत मंडल ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और आम लोगों के बीच बने रहे।दोनों वरिष्ठ पत्रकारों का निधन गया के पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी सहजता, समर्पण और जन सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को लंबे समय तक याद किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पंकज कुमार सिन्हा, कमल नयन, रूपक जी, सूर्य प्रताप सिंह, कंचन कुमार सिन्हा, राजकुमार राजू, रौशन कुमार, जितेंद्र मिश्रा, पत्रकार पंकज कुमार, विशाल कुमार वर्मा, हरिवंश कुमार, एलन लीली, अभिषेक वर्मा, उपेंद्र प्रसाद वजीरगंज, रोहित कुमार, राजेश कुमार, धीरज सिन्हा, मनीष कुमार, राहुल कुमार मिश्र, तरुंजय कुमार, नवीन मिश्रा, कौशलेंद्र कुमार, अनिल मिश्रा, शेरघाटी से प्रदीप कुमार, विजय कुमार, कमलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
