-गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सादगी, सहजता और भेदरहित दर्शन का दिया संदेश
राजेश सरकार / प्रयागराज
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय, संघटक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को स्मरण करते हुए गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रोफेसर नमिता यादव के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अजय प्रकाश खरे ने गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में संगीत विभाग की छात्राओं सौम्या मालवीय, वैष्णवी, लक्ष्मी, मीनाक्षी, तनु एवं प्रिया राजपूत ने प्रोफेसर नमिता यादव के निर्देशन में गांधी जी के प्रिय भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी। ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ तथा ‘हे राम हे राम’ की प्रस्तुतियों से महाविद्यालय परिसर गांधीमय हो उठा।
इस अवसर पर वैशाली ने गांधी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। तन्नू सिंह एवं खुशी ने कविता पाठ के माध्यम से गांधी जी के विचारों और उनके जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर अजय प्रकाश खरे ने गांधी जी की सरलता, सहजता और भेद रहित दर्शन को रेखांकित करते हुए कहा कि गांधी के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक हैं। उन्होंने गांधीवादी विचारों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. यशस्वी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. नीलिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. नीलिमा सिंह, डॉ. अमितेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. शमीनाज बानो, डॉ. वर्षा अग्रवाल, डॉ. अंशू, डॉ. अनिल यादव, डॉ. यशस्वी पांडेय, डॉ. अभिषेक, नवीन तिवारी सहित महाविद्यालय के शोधार्थी एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
