-भगवतपुर ग्रामसभा के भूखंड व प्राचीन हनुमान मंदिर विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला, मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल मौके पर
राजेश सरकार / प्रयागराज
हाई कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के साथ ही उसे समझाने-बुझाने का प्रयास जारी है।
बताया जा रहा है कि महिला ऊपर से कुछ पत्र नीचे फेंक रही है। पत्रों में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की ग्राम सभा भगवतपुर में भूखंड प्रकरण और प्राचीन हनुमान मंदिर से जुड़े विवाद का उल्लेख किया गया है। पत्र पर पूनम दुबे पत्नी ननकू दुबे नाम लिखा होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल, महिला के टंकी पर चढ़ने के वास्तविक कारणों और पूरे विवाद की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
