मुख्यपृष्ठनए समाचारबसपा की नर्सरी से निकले  नेता आज दूसरे दलों की गोद में...फिर...

बसपा की नर्सरी से निकले  नेता आज दूसरे दलों की गोद में…फिर भी बहन जी पर जनता का भरोसा

– प्रदेश अध्यक्ष का दावा-अगड़ों, पिछड़ों, दलितों और सर्वसमाज का बढ़ रहा रुझान…बूथ मजबूत, जीत तय का दिया मंत्र

राजेश सरकार / प्रयागराज

प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी ने अब बूथ स्तर पर संगठन को धार देने का अभियान तेज कर दिया है। बसपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर कोरांव विधानसभा में आयोजित बूथ एवं सेक्टर समीक्षा बैठक में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का दलित, पिछड़ा, अगड़ा और सर्वसमाज अब फिर से बसपा की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है और आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बसपा की नीतियों और मायावती सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ होता है और यदि बूथ मजबूत होगा तो विधानसभा की जीत स्वतः सुनिश्चित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सर्वसमाज को जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि बसपा ही वह राजनीतिक दल है, जिसने सत्ता में रहते हुए बिना भेदभाव के सभी वर्गों को सम्मान और भागीदारी दी।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, बसपा की नर्सरी से तैयार होकर कई नेता आज दूसरे दलों की गोद में बैठे हैं, लेकिन वे बसपा की विचारधारा और जनाधार को कमजोर नहीं कर सके। बसपा आज भी बहुजन समाज के साथ-साथ सर्वसमाज की सबसे भरोसेमंद राजनीतिक ताकत है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों को बसपा सरकार ने जमीनी स्तर पर लागू किया। मायावती के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था, विकास और सामाजिक न्याय की मिसाल कायम हुई, जिसे आज भी जनता याद कर रही है।
मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर डॉ. विजय प्रकाश ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ने हमेशा अगड़ों, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों को साथ लेकर समानता की राजनीति की है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार सामाजिक न्याय और विकास के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है, जबकि बसपा ने हमेशा सर्वसमाज के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर डॉ. विजय प्रकाश बसपा जिलाध्यक्ष टी.एन. जैसल के आवास पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। समीक्षा बैठक में संजय पांडेय, दिलीप चंद्र पांडेय, दिनेश यादव, राजेंद्र गौतम, राधिका पाल, जगन्नाथ पाल, विजय गौतम, राजकुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार