राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रयागराज से शराब खरीदकर बिहार में दोगुने दाम पर बेचने की फिराक में थे। शनिवार
15 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर नैनी पुलिस टीम ने मेवालाल बगिया के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पांच बैग और दो अटैची से विभिन्न कंपनियों की 33 बोतल और 250 क्वार्टर अंग्रेजी शराब तथा चार किंगफिशर बीयर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यहां से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां उसे दोगुने दाम पर बेचकर घर का खर्च चलाते थे। इस बार भी शराब की खेप बिहार ले जाने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम राजन (26), शिवम कुमार (26), रविशंकर कुमार (23) और राहुल कुमार (19) के रूप में हुई है। चारों बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।
इस मामले में नैनी थाने में मुअसं 404/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह और कांस्टेबल अनीस राय शामिल रहे।
