-जल पुलिस ने आनन-फानन में सभी छोटी-बड़ी नाव का संचालन किया बंद
उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने घाटों से लेकर नाविकों तक की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर करीब 6 फीट तक बढ़ गया है। तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट किया गया है। वहीं, सुरक्षा को देखते हुए वाराणसी में गंगा में नाव चलाने पर भी रोक लगा दी गई है।
गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए जल पुलिस ने आनन-फानन में नाव संचालन बंद करने का फैसला लिया है। अब अगले आदेश तक गंगा में छोटी-बड़ी किसी भी नाव का संचालन नहीं होगा। इस फैसले से नाविकों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि नाव चलना बंद होने से उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। हालांकि, जल पुलिस की ओर से कहा गया है कि अगर गंगा का जलस्तर कम होता है तो दोबारा नाव संचालन शुरू किया जा सकता है।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, वाराणसी में गंगा का जलस्तर करीब 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। फिलहाल गंगा का जलस्तर 64.70 मीटर दर्ज किया गया है। जो गंगा चेतावनी बिंदु से करीब 5 मीटर नीचे बह रही है। अगर जलस्तर बढ़ने की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो अगले 2 से 3 दिनों में गंगा का पानी चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच सकता है। ऐसे में प्रशासन की निगाह लगातार गंगा के जलस्तर पर बनी हुई है।
