मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे गुट की बंद कंटेनर शाखा के दुरुपयोग मामले में भाजपा आक्रमक

शिंदे गुट की बंद कंटेनर शाखा के दुरुपयोग मामले में भाजपा आक्रमक

सुरेश गोलानी / मुंबई
भायंदर इलाके में शिंदे गुट की एक बंद कंटेनर शाखा के दुरुपयोग को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद, भारतीय जनता पार्टी ने इस संबंध में पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। भायंदर-पूर्व के आरएनपी पार्क (सोनल पार्क) इलाके में स्थित एक निजी जमीन पर शिंदे गुट की दो बंद कंटेनर शाखाएं रखी हुई थीं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कथित तौर पर एक युवा जोड़े को इस कंटेनर के भीतर आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया है। इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने नवघर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि राजनीतिक दल की शाखा के लिए इस्तेमाल होने वाले कंटेनर का दुरुपयोग करने और हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर का अपमान करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों में शिंदे गुट द्वारा शहर के विभिन्न फुटपाथों और सड़कों के किनारे कंटेनर के रूप में ये शाखाएं बनाई गई थीं। मीरा-भायंदर महानगरपालिका द्वारा अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई किए जाने के बाद, इन्हें वहां से हटाकर एक निजी भूखंड पर रख दिया गया था, जहां ये लंबे समय से बंद पड़ी थीं।
इनमें से एक कंटेनर का इस्तेमाल कथित तौर पर मंडप डेकोरेटर्स द्वारा किया जा रहा था, जबकि दूसरे कंटेनर में यह घटना घटी। इस पूरे विवाद पर शिंदे गुट के नेताओं का कहना है कि ये कंटेनर पहले शाखा के रूप में उपयोग किए जाते थे, लेकिन मनपा की कार्रवाई के बाद इन्हें एक निजी जगह पर रखवा दिया गया था। जगह के मालिक द्वारा कंटेनर का दुरुपयोग किए जाने की शिकायत पार्टी को भी मिली है और वह अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रहे हैं। शिंदे गुट ने आरोप लगाया है कि १६ पूर्व नगरसेवकों के खिलाफ चल रहे उनके आंदोलन से भाजपा नेता बौखलाए हुए हैं, और यही वजह है कि इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

अन्य समाचार