मुख्यपृष्ठनए समाचारलू की चपेट में महाराष्ट्र ... हीट स्ट्रोक के ७७ मामले, चार...

लू की चपेट में महाराष्ट्र … हीट स्ट्रोक के ७७ मामले, चार दिनों में ३७ रोगी मिले 

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
मुंबई समेत समूचे महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से सूरज की आग उगलती किरणों से धरती धधक रही है। इस तपिश भरी भीषण गर्मी के कारण जहां महाराष्ट्र लू की चपेट में है, तो वहीं यहां की जनता बेबस नजर आ रही है। गर्मी के कारण राज्य में हीट स्ट्रोक लोगों के सामने संकट पैदा कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, ४२ दिनों में प्रदेश में हीट स्ट्रोक के कुल ७७ मामलों की पुष्टि हुई है, जबकि बीते चार दिनों में ही ३७ रोगी दर्ज किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में पारा और बढ़ेगा। राज्य के कुछ जिलों में कई दिनों से तापमान ४० डिग्री सेल्सियस से अधिक है। इसलिए डॉक्टर नागरिकों को धूप में न जाने की सलाह दे रहे हैं। हालांकि, १ मार्च से १२ अप्रैल तक राज्य में हीट स्ट्रोक के ७७ मरीज सामने आ चुके हैं। इस बीच ८ से १२ अप्रैल के बीच राज्य में लू से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है। बता दें कि पिछले साल इसी अवधि में राज्य में ३७३ लोग लू से पीड़ित हुए थे।
बुलढाणा में सबसे ज्यादा मामले
महाराष्ट्र में हीट स्ट्रोक के सबसे ज्यादा १२ मरीज बुलढाणा में मिले हैं। उसके बाद सिंधुदुर्ग में ९, वर्धा में ८, नासिक में ६ और कोल्हापुर में ५ मरीज मिले हैं। इसी तरह सबसे कम अकोला, भंडारा, गोंदिया, नांदेड़, रत्नागिरी, सातारा, धाराशिव और नागपुर में एक-एक मरीज दर्ज किए गए हैं।
दवाओं का रखें पर्याप्त स्टॉक
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राधाकिशन पवार ने कहा कि राज्य में हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़ रहे हैं इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला स्वास्थ्य अधिकारियों, जिला सर्जनों और महानगरपालिकाओं के चिकित्सा अधिकारियों को समुचित उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पतालों में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को भी कहा गया है।
मुंबई में सामने आ रहे संदिग्ध केस
जे.जे. अस्पताल के प्रोफेसर डॉ. मधुकर गायकवाड ने कहा कि मुंबई में अप्रैल महीने में गर्मी और बढ़ गई है। इसके चलते मुंबई के अस्पतालों की ओपीडी में २५० से ३०० के करीब संदिग्ध मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों में चक्कर आना, मतली, उल्टी, सिरदर्द की शिकायत देखी जा रही है।

वीवीएमसी ने लोगों को किया सतर्क
गर्मी से रहें सावधान
राधेश्याम सिंह / वसई
राज्य में गर्मी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अगर गर्मी के कारण शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाए तो लू लगने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल, वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) क्षेत्र में भी तापमान बढ़ा है। ऐसे में नागरिकों को सावधानियां बरतने की सलाह मनपा ने दी है। मनपा अधिकारी ने कहा कि ‘हीट स्ट्रोक के लक्षण’- थकान, प्यास, गर्मी के कारण शरीर पर दाग (दाने) उभरना, चक्कर आना, त्वचा का लाल होना है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों को हीट स्ट्रोक का खतरा अधिक होता है। मनपा अधिकारी ने बताया कि पर्याप्त पानी पीएं, हल्के सूती कपड़े पहनें, धूप में बाहर जाते समय चश्मा, छाता, टोपी-स्कार्फ का प्रयोग करें। फलों का रस, नींबू का शरबत का सेवन करें और पंखे, कूलर की मदद से घर को ठंडा रखें। जितना संभव हो गर्मियों के दौरान बाहर जाने से बचें, गहरे रंग के व तंग कपड़े न पहनें, धूप में मेहनत का काम न करें और चाय, कॉफी के अधिक सेवन से बचें। इस तरह की जानकारी वैद्यकीय आरोग्य विभाग (वसई-विरार शहर महानगरपालिका) ने दी है।

अन्य समाचार