मुख्यपृष्ठनए समाचारआठ साल फाइलों में उलझी रही मेट्रो-११...अब २०३२ तक इंतजार!

आठ साल फाइलों में उलझी रही मेट्रो-११…अब २०३२ तक इंतजार!

संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबईकरों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के सरकारी दावों के बीच मेट्रो-११ परियोजना की रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्ष २०१८ में इसकी पहली विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हुई थी, लेकिन रूट में बदलाव, दोबारा अध्ययन और मंजूरियों की लंबी प्रक्रिया के चलते परियोजना वर्षों तक आगे नहीं बढ़ सकी। अब एमएमआरसीएल ने वडाला से गेटवे ऑफ इंडिया तक प्रस्तावित १७.५१ किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के लिए करीब ८०० प्रभावित इमारतों और संरचनाओं का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शुरू किया है। आठ साल बाद भी निर्माण के बजाय प्रभावित संपत्तियों का सर्वे होना परियोजना की सुस्त तैयारी को उजागर करता है।
इस परियोजना की अनुमानित लागत २३,४८७ करोड़ रुपए है। इसमें १४ स्टेशन प्रस्तावित हैं। कॉरिडोर का लगभग १६.८३ किलोमीटर हिस्सा भूमिगत और ०.६७७ किलोमीटर हिस्सा एट-ग्रेड होगा। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) ने २४ मार्च २०२६ को भारत सरकार के साथ ९२.४ अरब जापानी येन यानी करीब ५,५०० करोड़ रुपए के पहले चरण के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए। परियोजना को अगस्त २०३२ तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना का इतिहास भी देरी की कहानी बयां करता है। सितंबर २०१८ में डीपीआर तैयार हुई और सितंबर २०१९ में राज्य सरकार ने इसे मंजूरी दी थी। इसके बाद केंद्र के सुझाव पर रूट और यात्री संख्या का दोबारा आकलन करने के लिए परियोजना एमएमआरसीएल को सौंपी गई। संशोधित डीपीआर जनवरी २०२५ में तैयार हुई, १७ जुलाई २०२५ को एमएमआरसीएल बोर्ड और ११ सितंबर २०२५ को राज्य सरकार से मंजूरी मिली।

 

अन्य समाचार