मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : महिला सिंगर को कोड़ों से मारा!..ईरान का निजाम ये...

मुस्लिम वर्ल्ड : महिला सिंगर को कोड़ों से मारा!..ईरान का निजाम ये क्या कर रहा है?

-सूफी खान
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन का निजाम जो अमेरिका और इजरायल के साथ सीधी जंग मोल लेने और उन्हें खित्ते से हिला देने के लिए मशहूर है। उस पर फिर एक महिला के साथ दुर्रव्यवहार का इल्जाम लग रहा है। दरअसल, ईरान ने अपने ही देश की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को कोड़े मारे हैं। जी हां, ईरानी खातून सिंगर को ७४-७४ कोड़े मारे गए हैं। उनके वकील मुस्तफा नीली ने बाकायदा तौर पर इसकी जानकारी दी है। ये पहला मौका नहीं है जो ईरान अपने यहां की महिलाओं के साथ भी इस तरह का सुलूक कर रहा है। इससे पहले भी हिजाब मुखालिफ मुजाहिरों के दौरान भी ईरानी लड़कियों और ख्वातिन के साथ ऐसे ही हौलनाक जुल्म किए गए थे, ये आरोप भी ईरान पर लगाए जाते रहे हैं।
ईरान में इस तरह की सजा की वजह बस एक ही होती है कि बाहिजाब क्यों नहीं थी महिला। दरअसल, मशहूर गायिका परस्तू अहमदी ने लंबे, बिना आस्तीन वाले काले कपड़ों में और बिना सिर ढके अपने खुले बालों के साथ मर्द संगीतकारों के साथ गाना गाया था। यह प्रदर्शन बिना किसी लाइव दर्शक के आयोजित किया गया था। इस वर्चुअल कॉन्सर्ट ने अनिवार्य हिजाब नियमों और महिलाओं के सार्वजनिक रूप से गाने पर लगी पाबंदियों, दोनों को चुनौती दी गई थी। यही बात ईरान के इस्लामिक रेव्ल्यूशन का चुभ गई। अमेरिका और इजरायल को ललकारने वाले एक आर्टिस्ट महिला के पीछे पड़ गए और उस पर कोड़े बरसा कर ही छोड़े।
अब दुनिया भर से आवाजें भी उठ रही हैं कि ईरान की इस्लाम का नाम लेकर चलने वाली सरकार रोजमर्रा की जिंदगी, पानी और बिजली के संकटों को हल करने में तो असमर्थ है लेकिन एक खातून को उसकी आवाज के लिए कोड़े मारने से नहीं हिचकती, ये सरकार अपने आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। मगर ईरान में इस्लामिक इंकेलाब की अदालत ने सिंगर के इस यूट्यूब परफॉरमेंस पर संज्ञान लिया और इसे देश के कानूनी और धार्मिक मानकों का उल्लंघन बताया। इसके बाद अधिकारियों ने अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि अक्टूबर में एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ईरानी अफसरों से कोड़े मारने की इस सजा को रोकने की अपील की थी. उन्होंने इसे क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक सजा करार दिया था लेकिन ईरान इस मामले में थम नहीं रहा है।
इसमें कोई दो राय नहीं कि ईरान के इस्लामिक रेव्ल्यूशन ने १९७९ के इंकेलाब के बाद ईरान की कला उसके कल्चर फिल्मों और बेहतरीन पर्शियन संगीत पर कभी कोई रोक नहीं लगाई। ईरानी फिल्में आज भी बहुत अच्छी बनती हैं।
वहां के म्यूजिक ग्रुप और संगीत दुनिया भर में अब भी अपनी पहचान रखते हैं सब कुछ बढिया हैं लेकिन शर्त वही है महिलाओं के लिए कि बाहिजाब रहना होगा,ड्रेस कोड का पालन करना है। फिर खेल संगीत डांस कल्चरल एक्टिविटी सब में पूरा सपोर्ट है। लेकिन कोई अगर शर्त की खिलाफवर्जी कर दे तो उस पर इस तरह की कार्रवाई पश्चिमी देशों और मीडिया को ईरान के खिलाफ मुद्दा जरूर दे देती हैं।
ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी के संचार कार्यालय ने भी सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस घटना की निंदा की। बयान में इसे कलाकारों को अपमानित करने और दबाने की कोशिश बताया गया साथ ही आरोप लगाया गया कि इस्लामिक रिपब्लिक महिलाओं की आवाज से डरता है। रेजा पहलवी के दफ्तर ने कहा कि महिलाओं की आवाज से भयभीत पिछड़ा और महिला-विरोधी इस्लामिक रिपब्लिक।
रजा पहेलवी के दफ्तर ने इल्जाम लगाया है कि १९७९ से पहले ईरान कला और संगीत का केंद्र था और महिलाएं इन क्षेत्रों में अग्रणी थीं। लेकिन आज यह शासन साहस और खूबसूरती को कोड़े मार रहा है। बयान में यह भी दावा किया गया कि इस्लामिक रिपब्लिक जल्द ही गिर जाएगा और महिलाएं एक बार फिर ईरान के कलात्मक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक जीवन में प्रमुख भूमिका निभाएंगी।

अन्य समाचार