-तौसीफ कुरैशी
राजनीति में किसी नेता की दूरदर्शिता का पता इस बात से नहीं चलता कि वह आज की सुर्खियों में कितनी जगह घेर रहा है, बल्कि इससे चलता है कि वह आनेवाले कल की चुनौतियों को कितनी गहराई से समझ रहा है। सत्ता के गलियारों में अक्सर चुनाव, जाति, धर्म और राजनीतिक समीकरणों पर बहस होती है, लेकिन दुनिया की महाशक्तियां किस आधार पर बनती हैं और भविष्य की आर्थिक-सामरिक ताकत किसके हाथ में होगी, इस पर बात करने के लिए दूरदृष्टि चाहिए। राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में अपनी बातचीत से इसी दूरदृष्टि का परिचय दिया है।
१९ नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी में राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ राहुल गांधी की बातचीत का विषय था। ईरान युद्ध और भारत की दुनिया में भूमिका। राहुल गांधी की दूरदर्शी सोच ने शिकागो यूनिवर्सिटी में बटोरी तालियां, प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी हुए मुरीद।
चीन की महाशक्ति छवि
यह कोई सामान्य राजनीतिक संवाद नहीं था; मूर्ख तो सवाल सुनते ही ढह जाता। इसमें युद्ध, ऊर्जा, तकनीक, विनिर्माण, रोजगार और वैश्विक शक्ति संतुलन जैसे गंभीर मुद्दे शामिल थे। राहुल गांधी ने विश्लेषण किया कि ईरान युद्ध का सबसे बड़ा लाभ चीन को मिला, क्योंकि उसने वैश्विक उत्पादन और विनिर्माण पर मजबूत पकड़ बना ली है। घड़ियों, जूतों और कपड़ों से लेकर मोबाइल, बैटरियों और उन्नत तकनीकों तक चीन की मौजूदगी है। उसकी ताकत केवल सेना या अर्थव्यवस्था में नहीं, बल्कि उस उत्पादन क्षमता में है, जिसके बिना आधुनिक दुनिया की कल्पना कठिन है।
सेवा क्षेत्र की सीमाएं और विनिर्माण की अनदेखी
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि भारत ने २०१४ के बाद आर्थिक प्राथमिकताओं में विनिर्माण को अपेक्षित महत्व क्यों नहीं दिया। भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा सेवा क्षेत्र पर निर्भर है, जबकि लगभग १५० करोड़ की आबादी वाले देश में केवल सेवा क्षेत्र युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं दे सकता। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विस्तार और तकनीकी कंपनियों में छंटनी से यह चुनौती और बढ़ी है। कृषि, सामान्य विनिर्माण, उच्च तकनीक और औद्योगिक क्षमता के बिना कोई बड़ा देश महाशक्ति नहीं बन सकता। फोर्ड, जनरल मोटर्स और बोइंग ने अमेरिका को आर्थिक-सामरिक ताकत दी। उत्पादन केवल सामान बनाने का काम नहीं, बल्कि तकनीक, रोजगार, अनुसंधान, आत्मनिर्भरता और सामरिक शक्ति का आधार है।
आपूर्ति निर्भरता और ऊर्जा परिवर्तन
जर्मनी की एक अत्याधुनिक ड्रोन फैक्ट्री का उदाहरण देकर राहुल गांधी ने बताया कि वहां ड्रोन की मोटर और बैटरियां चीन से आती हैं। केवल उत्पाद जोड़ने और बुनियादी तकनीक बनाने में बड़ा अंतर है। बोस्टन डायनॉमिक्स का उदाहरण भी दिखाता है कि बड़ी तकनीकी कंपनियां भी उत्पादन और आपूर्ति शृंखला की निर्भरता से जूझ रही हैं। पेट्रोल-डीजल से इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी आधारित तकनीक का ऊर्जा परिवर्तन पूरी औद्योगिक व्यवस्था बदल रहा है। इलेक्ट्रिक मोटर, बैटरी, कैमरा, ऑप्टिक्स और सेंसर भविष्य की अर्थव्यवस्था व सुरक्षा के आधार हैं। मोबाइल, ड्रोन और इलेक्ट्रिक कार की साझा प्रणालियां युद्ध का स्वरूप भी बदल रही हैं, जैसा यूक्रेन युद्ध ने दिखाया। इन तकनीकों और मानकों पर चीन का वर्चस्व रहा, तो उसकी वैश्विक पकड़ और मजबूत होगी।
नीतिगत चुनौती और असली गौरव
राहुल गांधी के निष्कर्ष पर छात्रों ने तालियां बजाईं कि महाशक्ति बनने या बने रहने के लिए भारत और अमेरिका को चीन पर निर्भरता वाले इस ऊर्जा परिवर्तन का जवाब देना होगा। प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने भी उनकी जानकारी की सराहना की और मजाकिया लहजे में अमेरिका में उनकी जरूरत बताई। विदेशी विश्वविद्यालय की तालियां नीतियों की कसौटी नहीं हैं, पर भारत के भविष्य और औद्योगिक क्षमता पर गंभीर बहस जरूरी है। तर्कों की जांच हो, लेकिन उन्हें नफरती राजनीतिक चश्मे से खारिज करना समझदारी नहीं है। भारत को तय करना है कि वह केवल बड़ा बाजार रहेगा या तकनीक और उत्पाद बनाएगा। युवा आबादी, प्रतिभा, वैज्ञानिक क्षमता और घरेलू बाजार को उत्पादन व रोजगार में बदलने वाली नीति चाहिए। सत्ता में बैठे लोगों को इन चुनौतियों का ठोस जवाब देना होगा, क्योंकि भाषणों से नहीं, कारखानों और तकनीक से महाशक्ति बनते हैं। मूर्खों को समझना होगा कि सत्ता का असली गौरव दुनिया को भारत की जरूरत पड़ने में है और नफरत के चलते इंसानियत के दुश्मन व मासूमों के कातिल को फादरलैंड का खिताब न दिया जाए।
सत्यमेव जयते
