-विकास के नाम पर प्राकृतिक संपदा के विनाश के खिलाफ सयाजी शिंदे का एलान
-३ दिसंबर को पुणे में निकलेगा भव्य मोर्चा
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की प्राकृतिक धरोहर सह्याद्रि की पहाड़ियों पर अब विकास परियोजनाओं के नाम पर विनाश का खतरा मंडरा रहा है। भीमाशंकर और सातारा जिले के तारली में पंप स्टोरेज बिजली परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और पहाड़ों की खुदाई किए जाने के आरोप सामने आए हैं। अभिनेता और पर्यावरण कार्यकर्ता सयाजी शिंदे ने इस मामले में महायुति सरकार तथा संबंधित प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए अडानी ग्रीन एनर्जी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सयाजी शिंदे का आरोप है कि आवश्यक वन्यजीव संबंधी अनुमतियों के बिना ही परियोजना का काम आगे बढ़ाया गया और दुर्लभ पेड़ों तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने मांग की है कि संबंधित कंपनी को काली सूची में डाला जाए और भीमाशंकर तथा तारली की विवादित परियोजनाओं को तत्काल रद्द किया जाए। उनका स्पष्ट कहना है कि बिजली परियोजनाएं एक भी पेड़ काटे बिना और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना लागू की जानी चाहिए।
बता दें कि तारली परियोजना को लेकर लागत में भारी अंतर का मामला भी विवादों में है। मूल परियोजना लागत ५,६७५ करोड़ रुपए बताई गई थी, जबकि बाद के दस्तावेज में ५६.७५ करोड़ रुपए का आंकड़ा सामने आया। इस अंतर और वन्यजीव संरक्षण निधि से जुड़े सवालों की जांच के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि संशोधित आंकड़ा केवल सर्वेक्षण और प्रारंभिक जांच के खर्च से संबंधित था।
`विकास के नाम पर समझौते की अनुमति किसने दी?’
इस बीच वन विभाग ने राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की पूर्व अनुमति नहीं होने के आधार पर तारली परियोजना का काम रोकने का आदेश भी जारी किया है। सयाजी शिंदे ने ३ दिसंबर को पुणे रेलवे स्टेशन स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा से विभागीय आयुक्त कार्यालय तक विशाल मोर्चा निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर सह्याद्रि की प्राकृतिक संपदा से समझौता करने की अनुमति आखिर किसने दी?
