सामना संवाददाता / नई दिल्ली
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार वार्ड में ७५ जीवित मतदाताओं को मृत घोषित कर उनके नाम मतदाता सूची से हटवाने की कोशिश की गई।
कांग्रेस का आरोप है कि इसके लिए फॉर्म-७ का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया और इस पूरी प्रक्रिया में बीजेपी से जुड़े बूथ एजेंटों की भूमिका रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे मताधिकार छीनने की सुनियोजित कोशिश बताते हुए चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नेहरू विहार में सामने आए ७५ मामले
राजीव भवन स्थित दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवेंद्र यादव ने बताया कि मुस्तफाबाद के नेहरू विहार वार्ड में कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट ने घर-घर जाकर मतदाता सूची की पड़ताल की। इस दौरान कथित तौर पर ७५ ऐसे लोगों के नाम सामने आए, जिन्हें जीवित होने के बावजूद मृत घोषित कर दिया गया था।
१६ प्रभावित मतदाता पहचान पत्र लेकर पहुंचे मीडिया के सामने
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने १६ ऐसे लोगों को भी मीडिया के सामने पेश किया, जिन्हें मतदाता सूची में मृत घोषित किया गया था। इन लोगों ने अपने मतदाता पहचान पत्र दिखाते हुए खुद के जीवित होने की बात कही। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान फॉर्म-७ का इस्तेमाल विपक्षी विचारधारा वाले और कमजोर वर्गों के मतदाताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।
देवेंद्र यादव ने बीजेपी पर चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर एसआईआर के जरिए देश में करोड़ों और दिल्ली में लाखों मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप लगाया। यादव के मुताबिक, नेहरू विहार का मामला इसी साजिश का उदाहरण है।
