मुख्यपृष्ठनए समाचारफ्रीडम फाइटर का परिवार सड़क पर, सरकार बेखबर...१२ साल से पेंशन के...

फ्रीडम फाइटर का परिवार सड़क पर, सरकार बेखबर…१२ साल से पेंशन के लिए भटक रही, ९२ साल की स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी!

-अधिकारियों से लेकर सांसद-विधायकों तक लगाई गुहार, फिर भी नहीं जागा प्रशासन
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश को आजाद कराने के लिए अंग्रेजों से लोहा लेने वाले स्वातंत्र्यसैनिक शाहू सिंग की पत्नी को आजाद भारत में अपने ही हक के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ओडिशा के बालासोर जिले की ९२ वर्षीय पार्वती देवी पिछले १२ वर्षों से पारिवारिक पेंशन के इंतजार में हैं। पति के निधन के बाद मिलने वाली पेंशन बंद हो गई, लेकिन उसे दोबारा शुरू कराने के लिए प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हालात ऐसे हैं कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उसकी बुजुर्ग सदस्य आज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे प्लास्टिक की छत वाली झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं।
शाहू सिंग ने महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया था। निलगिरी रियासत के प्रजा आंदोलन में भी उनकी अहम भूमिका रही। अंग्रेजों के दमन से बचने के लिए उन्हें तीन साल तक भूमिगत रहना पड़ा था। लंबी लड़ाई के बाद २००२ में उन्हें स्वतंत्रता सेनानी पेंशन मंजूर हुई थी। २ मई २०१४ को उन्होंने आखिरी बार पेंशन निकाली और तीन दिन बाद उनका निधन हो गया। इसके बाद पत्नी पार्वती देवी को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन शुरू नहीं हुई। आज पार्वती देवी अपने भतीजे के परिवार के साथ सड़क किनारे रह रही हैं।

अन्य समाचार