– पिलर बनने के बाद आगे का काम नदारद, आखिरी पिलर के पास गर्डर-बीम के ढेर
– २,०९९ करोड़ की परियोजना में दोनों छोरों पर असमान रफ्तार
संदीप पांडेय / मुंबई
नई मुंबई की महत्वपूर्ण खारघर-तुर्भे लिंक रोड परियोजना में निर्माण की असमान रफ्तार अब साफ दिखाई देने लगी है। खारघर छोर पर पिलरों की ढलाई के बाद काम आगे बढ़ता नजर नहीं आ रहा है। नवंबर २०२६ की ताजा जमीनी तस्वीर में आखिरी पिलर के पास गर्डर और बीम के ढेर लगे दिखाई दे रहे हैं। इन भारी निर्माण सामग्रियों को सुरंग के रास्ते जुईनगर छोर तक पहुंचाया जा रहा है। दूसरी तरफ जुईनगर छोर पर निर्माण कार्य जारी है। यानी एक तरफ निर्माण सामग्री जमा है और दूसरी तरफ उसी सामग्री के सहारे काम आगे बढ़ रहा है। परियोजना के दोनों सिरों पर निर्माण की यह असमान तस्वीर काम की प्राथमिकताओं और संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
करीब २,०९९ करोड़ रुपए की इस परियोजना का ठेका ऋत्विक-एवरास्कॉन संयुक्त उपक्रम को दिया गया है। लगभग ५.९५७ किलोमीटर लंबी इस लिंक रोड में पारसिक पहाड़ी के नीचे दो समानांतर सुरंगें बनाई जा रही हैं। दोनों सुरंगों की खुदाई जून और अगस्त २०२६ में पूरी हो चुकी है। अब परियोजना का बड़ा हिस्सा एलिवेटेड रोड, पुल, सुरंगों की कंक्रीट लाइनिंग और संपर्क मार्गों के निर्माण पर निर्भर है।
४२ फीसदी काम पूरा, फिर भी बाकी है लंबा रास्ता
बता दें कि अक्टूबर के अंत तक परियोजना का लगभग ४२ प्रतिशत काम ही पूरा हुआ था। सुरंगों के भीतर ८०० मीटर से अधिक कंक्रीट लाइनिंग का काम होने की बात भी सामने आई थी, जिसका मतलब साफ है कि सुरंगों की खुदाई पूरी होने के बावजूद पूरी सड़क तैयार होने में अभी काफी काम बाकी है। खारघर छोर पर पिलरों के बाद निर्माण की अगली कड़ी जमीन पर तेजी से आगे बढ़ती नहीं दिख रही, जबकि जुईनगर तरफ गतिविधियां जारी हैं।
अनुबंध के मुताबिक परियोजना को ३१ दिसंबर २०२८ तक पूरा करना है। इस लिंक रोड के शुरू होने पर खारघर से तुर्भे का करीब ४० मिनट का सफर १० मिनट में पूरा होने का दावा है। साथ ही सायन-पनवेल महामार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है, लेकिन अभी निर्माण की तस्वीर में एक छोर पर काम की सुस्ती और दूसरे छोर पर जारी गतिविधियां साफ अंतर दिखा रही हैं।
