द्रुप्ति झा / मुंबई
जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड पर भयंकर ट्रैफिक जाम से वाहन चालक परेशान हैं। इस रोड पर दिन ही नहीं देर रात में भी वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इस भयंकर जाम से निजात दिलाने में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नाकाम साबित हो रहे हैं। रविवार रात ११ बजे से लेकर सोमवार सुबह ५ बजे तक जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा, लेकिन इस जाम के दौरान पुलिस वाले भी कहीं नजर नहीं आए।
बताया जाता है कि बिना किसी पर्व सूचना के मेट्रो के काम के लिए इलेक्ट्रिसिटी टॉवर को स्थानांतरित करने का काम किया जा रहा था। यहां सवाल उठता है कि अगर मेट्रो का काम या फिर कोई साइड कंस्ट्रक्शन का काम शुरू होता है तो क्या इससे होनेवाली परेशानी का खामियाजा आम लोग भुगतेंगे? क्या सरकार को ऐसे समय में आम लोगों के लिए कोई व्यवस्था नहीं करनी चाहिए। जहां पर एक तरफ मुंबई की सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइनों से मुंबईकर परेशान हैं। आधे घंटे के सफर के लिए भी ट्रैफिक जाम की वजह से ३ घंटे का समय लग रहा है। अवैध पार्विंâग की वजह से भी ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है। मेट्रो के काम से परेशान पवई, मिलिंद नगर, म्हाडा कॉलोनी के लोगों ने बताया कि जब मेट्रो का काम होता है तो बहुत ही जोर-जोर की आवाज आती है। ध्वनि प्रदूषण काफी बढ़ जाता है, जिस वजह से रात की नींद खराब हो जाती है।
