मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : लैला पीक पर लॉरा की मौत

आउट ऑफ पवेलियन : लैला पीक पर लॉरा की मौत

अमिताभ श्रीवास्तव

खेल जगत के लिए यह बहुत दु:खद खबर है कि पाकिस्तानी लैला पीक पर जर्मनी की लॉरा की मौत हो गई। तीन बार की ओलिंपिक चैंपियन लॉरा डाहलमेयर की ३१ वर्ष की आयु में पर्वतारोहण दुर्घटना के बाद मृत्यु हो गई। जर्मन बायैथलीट के प्रबंधन ने उनकी हृदय विदारक मृत्यु की घोषणा की। डाहलमेयर सोमवार को पाकिस्तान के काराकोरम पर्वत की लैला पीक को फतह करने चढ़ रही थीं, तभी लगभग १८,७०० फीट की ऊंचाई पर पर्वत से चट्टानें गिरने लगीं। इन गिरती चट्टानों से ही लॉरा का यह अभियान ध्वस्त हो गया और बताया गया कि लॉरा की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई, जबकि तीन बार की ओलिंपिक पदक विजेता को खोजने के लिए एक बचाव दल तैनात किया गया था, लेकिन मंगलवार सुबह तक उनका पता नहीं चल सका था। बाद में डाहलमेयर की टीम ने खुलासा किया कि खोज में लॉरा के निधन की जानकारी प्राप्त हुई है। चट्टानों के गिरने और लैला पीक पर मौसम में बदलाव के कारण चढ़ाई में कठिन परिस्थितियां ही उनकी मौत का कारण बना और इसी कारण उनका शव बरामद करना भी संभव नहीं हो पाया। सैन्य हेलिकॉप्टरों ने उस स्थान तक पहुंचने की कोशिश की, जहां वो गिरी थीं, लेकिन ऊंचाई पर स्थितियां अत्यंत कठिन बताए जाने के कारण वे ऐसा करने में असमर्थ रहे। अनुभवी पर्वतारोही डाहलमेयर जून के अंत से ही उत्तरी पाकिस्तान क्षेत्र में थीं और वे पहले ही ग्रेट ट्रैंगो टॉवर पर चढ़ चुकी थीं। लैला चोटी को अत्यंत कठिन चढ़ाई वाला माना जाता है, जिसके शिखर तक अब तक केवल सात व्यक्ति ही पहुंच पाए हैं।
ठकुराइन का जुनून
उधर क्रिकेट के मैदान पर ठाकुर साहब का जुनून टीम इंडिया के लिए आसमान पर है तो इधर व्यवसाय के क्षेत्र में ठकुराइन का जुनून नाम कमा रहा है। जी हां, बात शार्दुल ठाकुर और उनकी पत्नी मिताली पारुलकर की है। इंग्लैंड दौरे पर गई टीम इंडिया के सदस्य शार्दुल को हालांकि कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिल सकी है, मगर उनकी पत्नी मिताली अपने बेकरी व्यवसाय में सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही हैं। यूं तो उन्होंने अपना करियर एक कंपनी सचिव के रूप में शुरू किया था, जिसे बाद में उन्होंने बेकिंग के अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए बदल दिया। एक छोटे से प्रयास से शुरू हुआ यह व्यवसाय आज एक बेहद सफल बेकरी व्यवसाय में तब्दील हो गया है। ३१ वर्षीया मिताली किसी भी मॉडल जितनी ही खूबसूरत हैं। सोशल मीडिया पर उनके फीड में उनकी निजी जिंदगी, व्यावसायिक गतिविधियों और बेकरी से जुड़ी पर्दे के पीछे की बातें दिखाई देती हैं। बेकिंग के प्रति अपने जुनून से प्रेरित होकर मिताली ने ठाणे में प्रीमियम बेकरी ब्रांड ‘ऑल जैज बेकरी’ लॉन्च किया, जो तेजी से लोकप्रियता हासिल करने के साथ ही लोगों का पसंदीदा बन गया। अपने उच्च-स्तरीय बेकरी व्यवसाय के जरिए, उन्होंने बेकिंग उद्योग में नाम कमाया है। बेकरी में वह कई तरह के केक, कुकीज, ब्रेड, बन्स बेचती हैं। इस कारोबार से मिताली ने २-३ करोड़ रुपए की नेटवर्थ बनाई है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार