मुंबई पुलिस की बड़ी सफलता! … एटीएम से 6.60 लाख की चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग पंजाब से गिरफ्तार

सगीर अंसारी
मुंबई: नेहरूनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट 6 की संयुक्त कार्रवाई में एटीएम सेंधमारी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मुंबई के कुर्ला-पूर्व स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एटीएम मशीन से गैस कटर की मदद से ₹6.60 लाख की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।

7 जून को सुबह 6:23 से 6:26 के बीच चार अज्ञात चोरों ने कुर्ला के करयान अग्रवाल बैंक शाखा में एटीएम मशीन को काटकर वारदात को अंजाम दिया था। इस गंभीर मामले की जांच नेहरूनगर पुलिस ने बीएनसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अपराध शाखा ने तीन आरोपियों जसविंदर सिंह, जसवीर सिंह और रूपिंदर सिंह को पंजाब से धरदबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, गैस कटर, नकली नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, इंटरनेट डोंगल और अन्य औजार भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी पहले भी देश के कई हिस्सों में एटीएम सेंधमारी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

इस सफलता में पुलिस उपायुक्त समीर शेख के नेतृत्व में नेहरूनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट 6 की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और उम्मीद है कि इससे कई पुराने मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, जिससे शहर में एटीएम चोरी के मामलों पर लगाम कसने की उम्मीद बढ़ गई है।

राजनीति में अग्रवाल समाज को भी चाहिए हिस्सेदारी

सामना संवाददाता / मुंबई

अग्रोहा विकास ट्रस्ट, मुंबई, केंद्रीय समिति की मीटिंग जी टीवी बोर्डरूम, वर्ली, मुंबई में रखी गई। अग्रोहा विकास ट्रस्ट के प्रेरणास्रोत डॉ सुभाषचंद्र, राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तम अग्रवाल, अग्रोहा विकास ट्रस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, अग्रोहा विकास ट्रस्ट केंद्रीय समिति मुंबई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, महामंत्री अल्केश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल, प्रचार मंत्री डॉ. महेश अग्रवाल, महाराष्ट्र जिला समिति के पीआरओ डॉ. कमल गुप्ता, एवं विभिन्न समितियों के 30 से ज्यादा अध्यक्ष एवं मंत्री उपस्थित रहे।

अग्रोहा विकास ट्रस्ट, मुंबई के पूर्व अध्यक्ष सचिन अग्रवाल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की बड़ी जवाबदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तम अग्रवाल द्वारा दी गई। डॉ. सुभाष चंद्र ने फूलों के गुलदस्ते के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्वागत किया। दिनेश अग्रवाल (निधिवन) को अग्रोहा विकास ट्रस्ट, मुंबई, केंद्रीय समिति के अध्यक्ष पद पर नवाजा गया। उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तम अग्रवाल एवं सुभाष चंद्र द्वारा फूलों के गुलदस्तों के साथ सम्मानित किया गया। अग्रोहा विकास ट्रस्ट मुंबई के महामंत्री अल्केश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल एवं प्रचार मंत्री डॉ. महेश अग्रवाल को फिर से एक बार अग्रोहा विकास ट्रस्ट, केंद्रीय समिति, मुंबई में मनोनीत किया गया।

डॉ. सुभाष चंद्र व उत्तम अग्रवाल द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सभी को केंद्रीय समिति की जवाबदारी सौंपी गई। ट्रस्ट के सदस्यों का मार्गदर्शन करते हुए डॉ सुभाष चंद्र ने कहा कि, आज के जमाने में अग्रवाल समाज ने एकजुट होकर काम करना चाहिए तथा एक दूसरे के व्यवसाय में कंधे से कंधा मिलाकर काम करना चाहिए। अग्रवाल समाज ने हमेशा ही सामाजिक कार्य में अपना हाथ बंटाया है। समाज के लिए कुछ अच्छा काम करना हो, तो सभी की एकता और विश्वास दिखाना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तम अग्रवाल ने कहा कि हमें अग्रवालों के अलग-अलग ट्रस्ट एवं समाज में नहीं बंटना चाहिए। हमें राष्ट्रीय स्तर पर एकता दिखानी होगी। उन्होंने बताया कि पूरे राष्ट्र में करीब 8 करोड़ अग्रवाल की संख्या होते हुए भी देश की राजनीति में हमारी भागीदारी बहुत ही कम है। हमें भी देश की राजनीति में हमारी संख्या बल के हिसाब से प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ताकि हम हमारे समाज के गरीब परिवार को उसका हक दिलाने में मदद कर सकें, और हमारे समाज की सभी तरह की समस्याओं का समाधान कर सके।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने कहा कि हम अग्रोहा विकास ट्रस्ट को एक नई ऊंचाई पर ले जाकर खड़ा करना चाहते हैं। अग्रोहा विकास ट्रस्ट, मुंबई केंद्रीय समिति अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने कहा कि हमें हमारे अग्रवाल समाज के लिए अग्रवालों के सभी ट्रस्ट को मिलकर बड़े स्तर पर प्रोग्राम करने चाहिए और उसके लिए मैं अपनी पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा। महामंत्री अल्केश अग्रवाल ने बताया कि अग्रोहा विकास ट्रस्ट की पुरुष, महिला एवं युवा की 60 समिति, 8,000 मेंबर के साथ अपने अपने एरिया में बहुत अच्छा सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्य कर रही है। उपस्थित सभी सदस्यों व पदाधिकारियों को अध्यक्ष ने धन्यवाद देते हुए कहा कि अग्रवाल समाज को एकजुट होकर एक-दूसरे की मदद करते हुए समाज के लिए कार्य करना चाहिए।

महिलाओं ने बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण हेतु जिलाधिकारी को ईंट देकर किया कॉरिडोर का पुरज़ोर समर्थन

मिशन शक्ति समूह मथुरा द्वारा जिलाधिकारी को कॉरिडोर निर्माण के समर्थन में दिया गया पत्र।

डॉ. कमलकान्त उपमन्यु

मथुरा। आज एक नई पहल के साथ बृजवासियों ने कॉरिडोर का समर्थन जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को पेश किया है। नव सृजन ब्रज मंडल संस्था की महिलाओं ने श्री बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण हेतु जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को ईंट देकर किया कॉरिडोर का पुरज़ोर समर्थन।

नव सृजन ब्रज मंडल संस्था की महिलाओं ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को मिलेगी सुदृढ़ व्यवस्थाएं। कॉरिडोर निर्माण से जनपद में रोजगार का सृजन भी होगा। परिवर्तन ही संसार का नियम है। श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर का बनना समय की आवश्यकता है, क्योंकि यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। सुविधाएं नाम मात्र की मंदिर द्वारा की जा रही है। पुरानी परंपराओं को दुहाई देकर कॉरिडोर का विरोध गोस्वामियों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर बनाना बहुत जरूरी है, जिससे वृंदावन का चहुंमुखी विकास होगा तथा लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर नव सृजन ब्रज मंडल संस्था की अध्यक्ष श्रीमती गंगारानी चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रीति चतुर्वेदी, संरक्षक महेश चतुर्वेदी सहित संस्था की विभिन्न सदस्य उपस्थित रही।

इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को समस्त सदस्य मिशन शक्ति समूह द्वारा कॉरिडोर के समर्थन में पत्र दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के तर्ज पर वृन्दावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर बनाने का जो फैसला लिया गया है, उसके लिए हम सब ब्रजवासी उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। वृन्दावन में श्री बांके बिहारी जी के दर्शनों के लिए उमड़ रहे आस्था के सैलाब की वजह से हर दिन कोई न कोई हादसा सामने आ रहा है। अभी तक तमाम श्रद्धालु भीड़ के दबाव में दम तोड़ चुके हैं। मंदिर में दर्शनों के दौरान श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही थी। यही नहीं भीड़ की वजह से बुजुर्ग श्रद्धालु दर्शनों से वंचित हो रहे हैं।
भीड़ के कारण वृन्दावन में कारोबार प्रभावित होने से स्वयं दुकानदार परेशान हैं। यही नहीं भीड़ की अधिकता के कारण वृन्दावन के स्थानीय लोग तक बीमारी की अवस्था में न तो आपात स्थिति में इलाज के लिए जा पा रहे हैं और न ही जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस की सुविधा तक उनको मिल पा रही है। किसी की मृत्यु होने तक उसकी अंतिम यात्रा तक निकलना मुश्किल हो रहा था। ऐसी स्थिति में वृन्दावन में कॉरिडोर का निर्माण कराने की महती आवश्यकता थी, जिसकी घोषणा करके मुख्यमंत्री ने अत्यंत पुनीत कार्य किया है, जिसके लिए हम सब आभारी हैं। हम सभी मिशन शक्ति समूह से जुड़ी हुई महिलाएं वृन्दावन कॉरिडोर का हृदय से समर्थन करती हैं।

कॉरिडोर बनने से वृन्दावन आने वाले करोड़ों भक्तों को सहज और सुखद वातावरण में जहां अपने आराध्य ठाकुर श्री बांके बिहारी के दर्शन करने का सौभाग्य हासिल होगा, वहीं इससे वृन्दावन का चहुमुखी विकास हो सकेगा। वृन्दावन के प्राचीन स्वरूप को और व्यवस्थित किया जा सकेगा। यही नहीं ये कॉरिडोर वृन्दावन ही नहीं समूची ब्रजभूमि की अर्थव्यवस्था और यहां के कारोबार, घरेलू उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अयोध्या और बनारस की तरह यहां भी श्रद्धालु और पर्यटकों के आगमन में कई गुनी बढ़ोतरी हो सकेगी। वृन्दावन के साथ-साथ मथुरा, गोवर्धन, नंदगांव, बरसाना, गोकुल, महावन और बलदेव जैसे तीर्थ स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से यहां भी स्थानीय कारोबार में बढ़ोतरी होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

शहर छोड़कर भागने का प्रयास करते सुनील चैन को पुलिस ने ठेकेदार समेत दबोचा

डॉ. कमलकान्त उपमन्यु

मथुरा। टीला धसकने के मामले में गोविन्द नगर पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
गोविंद नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी सुनील गुप्ता उर्फ सुनील चैन बिरला मंदिर क्षेत्र से उस समय दबोचा गया जब वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके साथ-साथ ठेकेदार पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो अवैध मिट्टी खनन का कार्य करता था। इंस्पेक्टर गोविंद नगर ने कहा कि आरोपी टैम्पो में बैठकर भागने की फिराक में था तभी इसे पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया कि सुनील चैन अपने साथियों के साथ मिलकर माया टीले की जमीन पर अवैध पार्किंग चला रहा था। इसी बहाने वह टीले की मिट्टी खुदवाकर भूमि समतल कर उस पर निर्माण कराया जा सके।
टीला धंसकने से ढहे मकानों के मलबे में दबकर दो बालिकाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। ज्ञात रहे कि टीले की मिट्टी अवैध तरीके से काटकर जमीन समतल करने का खेल वहां चल रहा था, जिसके चलते मिटटी धंसकने से मकान ढह गए। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए दो-दो टीमें गठित की थीं। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और सीओ सिटी भूषण वर्मा के नेतृत्व में टीमों ने दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर दबिश दी। सर्विलांस के जरिए लोकेशन ट्रैकिंग से पता चला कि वह बिरला मंदिर क्षेत्र में छिपा है, जहां से मंगलवार अपरान्ह उसे दबोच लिया गया।

शिवाजी नगर सड़क दुर्घटना के बाद जनता के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने किया पूर्व नगरसेविका समेत 8 पर मामला दर्ज

सगीर अंसारी
मुंबई: मुंबई के मानखुर्द इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद स्थानीय जनता का गुस्सा फूट पड़ा। गोवंडी के लोटस जंक्शन पर डंपर और दोपहिया वाहन की टक्कर में 3 बच्चाें समेत 4 कि मौत होने के बाद भीड़ ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मानखुर्द यातायात पुलिस की नाकामी और जीएम लिंक रोड पर बने 500 करोड़ की लागत वाले पुल की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बड़े वाहन पुल के नीचे क्यों? नियम के बावजूद तोड़ रहे हैं आदेश
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीएम लिंक रोड पर जो उन्नत पुल बनाया गया है, वह भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है, फिर भी दिन-रात भारी डंपर, ट्रक और कंटेनर पुल के नीचे की सड़क से बेरोकटोक गुजरते हैं। इस रास्ते पर बार-बार जानलेवा हादसे हो चुके हैं और कई निर्दोष नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं।

ट्रैफिक पुलिस की ढिलाई बनी मौत का कारण
लोगों का आरोप है कि मानखुर्द यातायात पुलिस यदि अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाए, तो इन हादसों पर काबू पाया जा सकता है। भारी वाहनों के लिए कोई प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही है। न तो चेकिंग होती है, न ही कोई सक्रिय पेट्रोलिंग। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की उदासीनता और मिलीभगत के कारण ही ये वाहन मनमाने ढंग से नो-एंट्री ज़ोन में घुसते हैं।

स्थानीयों का फूटा गुस्सा, रुक्साना सिद्दीकी समेत 8 पर केस दर्ज
हादसे के बाद लोगों ने मानखुर्द-घाटकोपर लिंक रोड को घंटों तक जाम कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पुलिस थानों की टीमें और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। भीड़ की अगुवाई कर रहे पूर्व नगरसेविका रुक्साना सिद्दीकी समेत आठ लोगों पर पुलिस ने धारा 37(3), 135, 126(2), 189(2), 190, 223 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जनता ने मांग कि है पुल के नीचे भारी वाहनों की आवाजाही पर लगे स्थायी प्रतिबंध
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुल के नीचे से भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त प्रतिबंध लगे और यातायात पुलिस की जवाबदेही तय की जाए। लोगों का कहना है कि जब करोड़ों की लागत से पुल बनाया गया है, तो फिर भारी गाड़ियों को सड़क पर क्यों उतारा जा रहा है? यह प्रशासन की नाकामी नहीं तो और क्या है?

जनता के अब तक के बड़े सवाल 500 करोड़ की लागत से बना पुल क्या सिर्फ दिखावा है? यातायात पुलिस की निष्क्रियता पर कार्रवाई कब? पुल के नीचे दुर्घटनाओं का अंत कब होगा? यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की विफलता का आईना है।

इस्राइल-ईरान युद्ध में यूपी के फंसे हजारों लोग! …परिजन बेचैन दूतावास से कर रहे संपर्क

 

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध ने लखनऊ में बहुत से परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों देशों के भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क जारी है। लेकिन इन देशों में गए लोग जब तक सही सलामत वापस न आ जाएं तब तक परिवारों के लोग दूतावासों से सही सूचना के सहारे दिन-रात काट रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा इस्राइल में कामगार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। परिवार चाहता है कि ये जल्द से जल्द घर वापस आ जाएं, लेकिन उड़ानें बंद होने के कारण युवा वहां फंसे हुए हैं। बीकेटी के रहने वाले अजय चौहान ने बताया कि भाई हरित चौहान बीते एक साल से इस्राइल में हैं। वह घर आना चाहते हैं, लेकिन अभी फ्लाइट का कोई विकल्प नहीं है। रायबरेली के राजेश कुमार भी इस्राइल में कामगार हैं। उनकी माता सावित्री ने बताया कि घर में छोटे-छोटे बच्चे व अन्य सदस्य हैं। काम से भी ज्यादा जरूरी है जीवन। बेटे से जब बात होती है तो वो सब कुछ ठीक और सुरक्षित होने की बात बताता है, लेकिन इसके बावजूद चिंता बनी रहती है। सेवायोजन विभाग का कहना है कि इस्राइल में पांच हजार से अधिक भारतीय श्रमिक सेवा दे रहे हैं। इतनी ही संख्या में भविष्य में और भेजने की तैयारी है। अधिकारियों ने बताया कि ईरान और इस्राइल के बीच हो रहे हमले की वजह से भारतीय श्रमिकों पर किसी तरह का खतरा नहीं है। सभी सुरक्षित हैं। भारत सरकार हालात पर नजर रखे हुए है। स्थिति बिगड़ी तो श्रमिकों को वापस बुला लिया जाएगा।”

लखनऊ के 1000 से अधिक जाइरीन ईरान की जियारत पर हैं। उन्हें तेहरान, महशद, कोम, निशापुर और काशान शहर में स्थित रौजो की जियारत करनी है। जियारत के बाद जायरीनों को 18 और 19 जून के अलग- अलग फ्लाइटों से लौटना था। लेकिन, ईरान-इस्राइल जंग की वजह से उड़ानें कैंसल होने से सभी वहीं फंस गए हैं। इसके अलावा वहां पढ़ाई करने गए शहर के स्टूडेंट्स की संख्या भी करीब 350 है। लब्बैक टूर्स के ऑनर इरफान हुसैन ने बताया कि जियारत के लिए छह पुरुष, 12 महिलाओं और एक बच्ची 27 मई को इराक के लिए रवाना हुई थी। इरफान ने कहा कि वहां से जियारत के बाद 9 जून को ईरान के मशहद पहुंचे। इसके बाद ट्रेन से 13 जून को कुम शहर गए थे। 18 जून को वापसी की फ्लाइट थी, जो कैंसिल हो गई है। अब सब फंस गए हैं। एंबेसी से संपर्क किया जा रहा है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कब और कैसे लौट सकेंगे। कारवान-ए-नूर टूर एंड ट्रेवल्स से 127 लोग 27 मई को जियारत के लिए इराक-ईरान गए थे। 19 जून को वापसी की फ्लाइट थी। नक्खास स्थित कारवाने अब्बास काफिले के ऑनर आशू जायसवाल भी करीब 35 लोगों को लेकर जियारत पर गए हैं।सभी कोम शहर में फंसकर रह गए हैं। कश्मीरी मोहल्ला स्थित अवतार टूर के संचालक ने भी बताया कि 70 लोगों को जियारत के लिए ईरान भेजा है।इस्लामिक एजुकेशन और रोजगार के लिए भी लखनऊ के लोग ईरान में हैं। यूपी के करीब 8000 युवा ईरान में इस्लामिक एजुकेशन हासिल कर रहे हैं। इसमें से लखनऊ के ही करीब 350 युवा शामिल है।

वाराणसी नगर निगम के लिपिक को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार की घूस लेते रंगेहाथों पकड़ा

उमेश गुप्ता/वाराणसी

नगर निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय में तैनात लिपिक रामविलास शर्मा को मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी लिपिक पर एयरटेल कंपनी के वाई-फाई नेटवर्क बिछाने के लिए सड़क खोदाई की अनुमति दिलाने के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र निवासी रामविलास शर्मा ने कंपनी से जुड़े लोगों से घूस की मांग की थी। इस पर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और पूरा मामला दर्ज कराया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को घूस लेते समय धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिगरा थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत रामविलास शर्मा को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

इंस्टामार्ट की भारत ऑर्गेनिक्स के साथ साझेदारी: भारतीय घरों में पहुंचेंगे उच्च गुणवत्ता वाले, किफायती ऑर्गेनिक उत्पाद

हिंदुस्थान के प्रमुख क्विक कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्मों में से एक इंस्टामार्ट ने किसानों के नेतृत्व वाले सहकारी ब्रांड भारत ऑर्गेनिक्स के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है, जिसकी बदौलत इंस्टामार्ट प्लेटफ़ॉर्म के उपभोक्ताओं को सुलभ और सस्ती कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले जैविक खाद्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक लिमिटेड (NCOL) के साथ इस सहयोग का उद्देश्य सहकारी जैविक उत्पादकों और डिजिटल उपभोक्ताओं के बीच की खाई को पाटना है। यह एक महत्वपूर्ण कदम है जो आधुनिक उपभोक्ता जरूरतों को पूरा करने के लिए पारंपरिक सहकारी उद्यमों के उत्पादन का लाभ उठाने की दिशा में लिया गया है।

यह पहल श्वेत क्रांति 2.0 के तहत भारत सरकार के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप भी है, जो टिकाऊ प्रथाओं को अमल में लाने, बाजार तक पहुंच बनाने और डिजिटल सक्षमता के माध्यम से कृषि-सहकारी ईको सिस्टम को मजबूत करने पर जोर देती है। यह साझेदारी पारंपरिक किसान सहकारी समितियों को इंस्टामार्ट जैसे तकनीक-सक्षम प्लेटफाॅमों से जोड़ते हुए एक स्वस्थ, अधिक लचीले भारत को आकार देने में सहकारी समितियों की भूमिका को उभारती है।

इस साझेदारी के ज़रिये अब प्रमुख महानगरों और टियर-1 शहरों में इंस्टामार्ट के प्लेटफ़ॉर्म पर दालें, मसाले, अनाज और स्वीटनर समेत 21 जैविक उत्पाद उपलब्ध होंगे, जिनमें अरहर दाल, दाल, मसूर दाल, राजमा, काबुली चना, काला चना, बासमती चावल, साबुत गेहूं का आटा, बेसन, शक्कर, चीनी, साबुत मसाले (धनिया, मेथी), पिसे मसाले (हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर), मिश्रित मसाले, जैविक तेल, शहद, साबुत पत्ती वाली हरी चाय, साबुत पत्ती वाली हर्बल चाय और अष्टविनायक देसी घी शामिल हैं। नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक लिमिटेड (NCOL) के अधीन प्रमाणित जैविक किसानों द्वारा उगाए गए इन उत्पादों का 245 से अधिक कीटनाशक अवशेषों के लिए परीक्षण किया जाता है। प्रत्येक पैक में रीयल-टाइम टेस्ट रिपोर्ट से कनेक्ट होने वाला एक क्यूआर कोड लगा होता है, जिससे उपभोक्ता खरीदे जा रहे खाद्य पदार्थ की शुद्धता और प्रामाणिकता को सत्यापित कर सकते हैं, और यह भारत के किराना क्षेत्र में अपनी तरह की पहली पारदर्शिता पहल है।

वरली मनपा स्कूल में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम संपन्न

सामना संवाददाता/ मुंबई

वरली स्थित सीफेस मनपा स्कूल में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने छात्रों को विभिन्न शैक्षिक सामग्री का वितरण किया। अपने संबोधन में राज्यपाल महोदय ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका शिक्षा विभाग की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के छात्र देश का भविष्य हैं और यदि उन्हें उचित शिक्षा मिलती है, तो वे अच्छे इंसान बनकर उज्ज्वल जीवन जीने में सफल होंगे। इस दौरान राज्यपाल महोदय ने खुद छात्रों के बीच जाकर उन्हें इस का वितरण भी किया।

इस अवसर पर मनपा आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगरानी, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अमित सैनी, राज्यपाल के सचिव प्रशांत नारनवरे, राज्यपाल के उपसचिव डी. रामास्वामी, मनपा उपायुक्त शिक्षा डॉ. प्राची जांभेकर और शिक्षा उपसंचालक तथा मनपा शिक्षा अधिकारी राजेश कंकाल उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनपा प्रशासनिक अधिकारी किसनराव पावडे पाटील ने किया।

हम पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार-अखिलेश यादव

 

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

लोकसभा चुनाव 2024 में मिली सफलता से उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए एक राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक गठबंधन है। जो भी पीड़ित, दलित, वंचित और गरीब है वो पीडीए का हिस्सा है। मुझे खुशी है कि आज पसमांदा समाज भी इसमें शामिल हो गया है। पी का एक मतलब पसमांदा समाज भी होता है। हम पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं और भाजपा लगातार सपा के वोट कम करने के लिए काम कर रही है लेकिन अब लोग भी समझ रहे हैं। जाति जनगणना की अधिसूचना जारी होने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग (भाजपा) अभी तक तो कोई ढंग का काम करवा नहीं सके जाति जनगणना क्या करवाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की हालत खराब है। अभी नीट का परिणाम आया है अगर कॉलेजों में स्टॉफ नहीं होगा तो हम कैसे डॉक्टर्स तैयार करेंगे। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं अभी सुल्तानपुर में मरीज के जिस हाथ में फैक्चर नहीं था उसमें प्लास्टर चढ़ा दिया। बीते 10 साल में न जाने कितने मामले हो चुके हैं जहां पर डॉक्टर की लापरवाही से मरीजों की जान गई है। यही हाल शिक्षा का है। सरकार बजट में शिक्षा के लिए बड़े ऐलान करती है पर सच तो ये है कि सरकारी प्राथमिक स्कूलों को बर्बाद किया जा रहा है। जिससे कि गरीबों का बच्चे वहां न जा सकें। यही हाल माध्यमिक शिक्षा का भी किया जा रहा है।