मुख्यपृष्ठनए समाचारपानी की किल्लत को लेकर मनपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन

पानी की किल्लत को लेकर मनपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन

  • नई-नई बनाई गई बड़ी इमारतों को पानी उपलब्ध हो रहा है: गायसमुंद्रे

सामना संवाददाता / कल्याण

कल्याण शहर में पानी की किल्लत से नागरिकों को काफी समस्या झेलनी पड़ रही है। सैकड़ों महिलाओं ने महानगरपालिका मुख्यालय पर सर पर खाली हंडा लेकर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि कल्याण के टाटा पावर स्थित सेवालाल मंदिर, गांधीनगर, जय भीम नगर की बस्तियों में बीते 2 साल से भारी जल संकट छाया हुआ है। पानी की किल्लत को लेकर महिलाओं ने अपने सिर पर हंडा-कलसी उठाकर टाटा पावर से कल्याण महापालिका तक पैदल मार्च किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर राष्ट्रीय परिवर्तन पक्ष के अध्यक्ष नर्सिंग गायसमुंद्रे ने बताया कि उक्त परिसर में बीते दो साल से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी इमारतों में रहने वाले लोगों को 24 घंटे पानी मिल रहा है, वहीं पर झुग्गी बस्ती में रहने वाले गरीबों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की कमी के चलते नागरिकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। मनपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन के बाद नर्सिंग गायसमुंद्रे की अगुवाई में मोर्चे के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारी से मुलाकात की और उन्हें निवेदन देते हुए जल संकट की समस्या से अवगत कराया। इस दौरान गायसमुंद्रे ने यह चेतावनी दी कि यदि आने वाले एक सप्ताह में जल संकट की समस्या को हल नहीं किया गया, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासन के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। मोर्चे में गायसमुंद्रे के अलावा भूमिपुत्र पार्टी के अध्यक्ष चंद्रकांत मोटे, संजय जाधव, पूर्व नगरसेवक भीमराव डोलस, अल्ताफ खान, मोहन कालन, इस्लाम खान, अकबर शेख आदि अन्य राजनीतिक दल के कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल थीं।

अन्य समाचार