-विभिन्न मांगों को लेकर जिविनि कार्यालय के सामने माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने गुरुवार को स्थानीय जिला विद्यालय निरीक्षक (जिविनि) कार्यालय के सामने विभिन्न सेवा संबंधी लंबित समस्याओं को लेकर एक दिवसीय विशाल धरना दिया। धरने की अध्यक्षता प्रदेश संरक्षक अमरनाथ सिंह ने की। इसमें जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।
धरने के दौरान पुरानी पेंशन योजना की बहाली, धारा 12, 18 और 21 को पुनः चयन बोर्ड नियमावली में शामिल करने तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के दायरे में लाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने दावा किया कि जिले भर से 500 से अधिक शिक्षकों ने धरने में भाग लिया।
जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाठक ने कहा कि शिक्षक निर्भीक होकर विद्यालयों में पठन-पाठन करें। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन सदैव उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सभी समस्याओं का समाधान जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से कराने के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।
जिला मंत्री पंकज सिंह ने 12 सूत्री मांगपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह को पढ़कर सुनाया और उसके शीघ्र निस्तारण की मांग की। प्रबंधक संघ के अध्यक्ष राज नारायण उपाध्याय ने संगठन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाठक और जिला मंत्री पंकज सिंह को शिक्षकों के लिए देवदूत बताया।
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी एवं आजमगढ़ निवासी पंकज सिंह ने शिक्षकों से आगामी एमएलसी चुनाव में ऐसे प्रत्याशी को चुनने का आह्वान किया, जो शिक्षकों की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाए, न कि सरकार के पक्ष में खड़ा हो जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने शिक्षकों की मांगों पर प्रस्तुत रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए आश्वासन दिया कि संगठन द्वारा उनके समक्ष रखी जाने वाली सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए वह प्रतिबद्ध हैं।
धरने को प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. केडी सिंह, मंडल अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, राधाकृष्ण मिश्रा, डॉ. सुशील सिंह, डी.पी. सिंह, डॉ. श्रीमती तारा सिंह, डॉ. अरविंद कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय, रमाशंकर उपाध्याय, प्रेम नारायण यादव, कमला प्रसाद चौरसिया, सुधाकर लाल श्रीवास्तव, पीयूष राय, बांकेलाल, शरद सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर शीतला प्रसाद तिवारी, चंद्रबली तिवारी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, विशाल सिंह, हरेंद्र सिंह, केशव प्रसाद सिंह, बम बहादुर, जयप्रकाश सरोज, मनोज कुमार सिंह, बायु नंदन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
