मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिटीएमयू में ऑप्टोमेट्री छात्रों को दिए गए ड्राई आई से बचाव के...

टीएमयू में ऑप्टोमेट्री छात्रों को दिए गए ड्राई आई से बचाव के टिप्स

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज़ के ऑप्टोमेट्री विभाग और इंस्टीट्यूशन्स इन्नोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की ओर से ‘ब्लिंक बेटर: इनोवेशन-लेड ड्राई आई अवेयरनेस फॉर हेल्दी विज़न’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के नेत्र रोग विभाग की फैकल्टी डॉ. कृतिका अग्निहोत्री ने ड्राई आई की बढ़ती समस्या पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग के कारण ड्राई आई की समस्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों से 20-20-20 नियम अपनाने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्क्रीन टाइम नियंत्रित रखने और आंखों को समय-समय पर आराम देने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियां अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सही और नियमित रूप से पलकें झपकाने की आदत अपनाकर ड्राई आई की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार स्क्रीन देखने के दौरान लोग सामान्य से कम बार पलकें झपकाते हैं, जिससे आंखों में सूखापन, जलन, लालिमा और थकान जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। साथ ही उन्होंने छात्रों को इस समस्या के लक्षण, कारण और बचाव के प्रभावी उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी।
व्याख्यान के दौरान छात्रों ने ड्राई आई से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. कृतिका अग्निहोत्री ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया। डॉ. अग्निहोत्री तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज़ के ऑप्टोमेट्री विभाग और इंस्टीट्यूशन्स इन्नोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के सहयोग से आयोजित ‘ब्लिंक बेटर: इनोवेशन-लेड ड्राई आई अवेयरनेस फॉर हेल्दी विज़न’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रही थीं।
इससे पूर्व कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज़ के प्राचार्य प्रो. नवनीत कुमार, मुख्य वक्ता डॉ. कृतिका अग्निहोत्री, ऑप्टोमेट्री विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार यादव, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. शिवशरण सिंह आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अंत में ऑप्टोमेट्री विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में फैकल्टी सदस्य श्री कमल कुमार, श्री सिद्धांत शुक्ला, मिस श्रेया ठकराल, श्री शिवम पांडेय और श्री अंकित शर्मा के साथ ऑप्टोमेट्री के छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मिस शेरीश खान ने किया।

अन्य समाचार