मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे के मंत्रियों ने देखा...‘मुंगेरीलाल का हसीन सपना’!

शिंदे के मंत्रियों ने देखा…‘मुंगेरीलाल का हसीन सपना’!

-फडणवीस को हटाओ, एकनाथ को सीएम बनाओ;
-सरनाईक के बयान से महायुति में फिर सियासी हलचल

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की महायुति सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर भीतर ही भीतर चल रही महत्वाकांक्षाओं ने एक बार फिर सिर उठा लिया है। शिंदे गुट के नेताओं की ओर से उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जताई जा रही है। हालांकि, भाजपा के पास अधिक विधायक होने के कारण मुख्यमंत्री पद फिलहाल उसके पास है और देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में शिंदे गुट का मुख्यमंत्री पद को लेकर दावा महायुति के भीतर भविष्य के सत्ता-संघर्ष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
परिवहन मंत्री और धाराशिव के पालकमंत्री प्रताप सरनाईक ने खुलकर इच्छा जताई है कि एकनाथ शिंदे दोबारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें। उनके इस बयान के बाद महायुति के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है।
‘शिंदे मुख्यमंत्री बनें, यही हमारी इच्छा’
सरनाईक ने कहा कि ‘एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनें, यह हमारी इच्छा है।’ उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद का पैâसला संख्याबल के आधार पर होता है। फिलहाल, भाजपा के पास अधिक विधायक होने के कारण मुख्यमंत्री पद भाजपा के पास है और हमें इंतजार करना होगा।
सरनाईक के बयान से साफ है कि शिंदे गुट ने भविष्य में मुख्यमंत्री पद पर अपनी दावेदारी की संभावना को खुला रखा है। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में भाजपा के पास सबसे अधिक विधायक हैं और देवेंद्र फडणवीस सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
गोगावले-सामंत भी जता चुके हैं इच्छा
मुख्यमंत्री पद को लेकर शिंदे गुट के नेताओं की ओर से इस तरह के बयान पहली बार नहीं आए हैं। सरनाईक से पहले विधायक भरत गोगावले और उद्योग मंत्री उदय सामंत के अलग-अलग बयानों ने भी इस मुद्दे को हवा दी थी। अब सरनाईक के बयान के बाद सवाल उठ रहा है कि जब महायुति सरकार का नेतृत्व भाजपा के देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं तो शिंदे गुट के मंत्री बार-बार मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी इच्छा क्यों जता रहे हैं?

अन्य समाचार