मुख्यपृष्ठनए समाचारठाणे की महिला यात्रियों पर निशाना! ... टीएमटी की बसों में लगेगा आधा...

ठाणे की महिला यात्रियों पर निशाना! … टीएमटी की बसों में लगेगा आधा किराया

मनपा के बजट में शिंदे गुट की दखल
वरिष्ठ नागरिक कर सकेंगे मुफ्त सफर
बाहरी महिलाओं से भेदभाव पर उठे सवाल

सामना संवाददाता / ठाणे
ठाणे मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने ठाणे मनपा के बजट में टीएमटी की बसों में सभी महिलाओं को ५० फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी, लेकिन इस योजना का लाभ केवल ठाणे में ही रहनेवाली महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को ही दिया जाएगा ऐसा परिवहन प्रशासन ने साफ कर दिया है। ठाणे में इस तरह का भेदभाव सामने आने के बाद महिलाओं ने नाराजगी जताई है। टीएमटी की बसों में यात्रा करनेवाली महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से उनका आधार कार्ड मांगा जा रहा है, ताकि उनका पता देखकर उन्हें किराए में छूट दी जा सके। शिंदे गुट के प्रवक्ता नरेश म्हस्के ने बताया कि इस सुविधा का लाभ केवल मनपा सीमा क्षेत्र की महिलाओं को ही मिलेगा।
ठाणे शिवसेना का गढ़ है, इसलिए चर्चा है कि यहां महिला मतदाताओं और वरिष्ठ नागरिकों को आकर्षित करने के लिए शिंदे गुट ने प्रशासन के साथ मिलकर बदलाव किया है।
प्रतिदिन लगभग २,३०,००० यात्री टीएमटी परिवहन से यात्रा करते हैं। महिलाओं का अनुपात ४० फीसदी है जबकि करीब ९० हजार महिलाएं रोजाना यात्रा कर रही हैं। वरिष्ठजनों का अनुपात ५ से ७ प्रतिशत है। टीएमटी से ७ से ८ हजार वरिष्ठ नागरिक रोजाना यात्रा करते हैं।
परिवहन सेवा में डिजिटल सिस्टम लागू किया जाएगा। पास की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी जिससे महिलाओं या वरिष्ठ नागरिकों को बार-बार आधार कार्ड नहीं दिखाना पड़ेगा। ठाणे शहर के बाहर से सैकड़ों महिलाएं ठाणे में काम करने आती हैं। उन्हें सुविधा नहीं मिलेगी।
क्या कहता है प्रशासन?
इस बारे में ठाणे ट्रांसपोर्ट टीएमटी के मैनेजर भालचंद्र बेहरे का कहना है कि यात्रा रियायत का लाभ केवल महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को ही मिलेगा। उन्हें आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। इस रियायत का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके पास ठाणे के पते वाला आधार कार्ड होगा।

शिवसेना की मांग मान्य
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कल्याण विधानसभा सहसंगठक रूपेश चंद्रकांत भोईर ने कल्याण डोंबिवली मनपा को पत्र लिखकर वरिष्ठ नागरिकों को मनपा की बसों में मुफ्त यात्रा करने की अनुमति देने की मांग की थी। इस मांग को मनपा आयुक्त डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने स्वीकार करते हुए शनिवार से वरिष्ठ नागरिकों को परिवहन सेवा के किराये में सौ फीसदी छूट देने की घोषणा की। इस बात की खबर मिलते ही रूपेश भोईर ने मनपा आयुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि मनपा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह निर्णय फायदेमंद साबित होगा।

अन्य समाचार