-“जैसे कोई चिंगारी, जो दिल को छू जाए और एक कहानी, जो सुरों में सजी हो…व्योम और साची बिंद्रा ने ‘मन्नू क्या करेगा’ के टीजर में रच दी एक नई, भावुक प्रेम कहानी!”
-12 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
सामना संवाददाता / मुंबई
इंतजार खत्म हुआ! ‘मन्नू क्या करेगा’ का टीजर अब रिलीज हो चुका है और यह पहली झलक देता है एक ऐसी कहानी की, जो प्यार के खोने, जिंदगी के सबक सीखने और खुद की तलाश करने की है। वो भी देहरादून की खूबसूरत वादियों के बीच। फिल्म का निर्देशन किया है संजय त्रिपाठी ने और इसे शरद मेहरा ने क्यूरियस आइज सिनेमा के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म हिंदी सिनेमा में व्योम और साची बिंद्रा की पहली फिल्म है, जो इंडस्ट्री की सबसे ताजा जोड़ी के रूप में दर्शकों को लुभाने के लिए तैयार हैं।
देहरादून की दिलकश लोकेशनों पर फिल्माई गई इस फिल्म के टीजर में व्योम और साची की मासूम सी मोहब्बत की झलक मिलती है, जिसे एक आत्मीय बैकग्राउंड स्कोर और भी खास बनाता है। पर जैसे ही भावनाओं की लहर चढ़ती है, टीजर का मूड एकदम बदलता है। दर्द, दूरी और दिल टूटने की आहट मिलती है।
फिल्म का संगीत ललित पंडित ने दिया है और इसके कुछ गीत लिखे हैं जावेद अख्तर ने, जो हर फ्रेम की भावना को और भी गहराई देते हैं। फिल्म में विनय पाठक, कुमुद मिश्रा और चारु शंकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो इस म्यूजिकल रोमांटिक-कॉमेडी को एक परिपक्वता प्रदान करेंगे।
टीजर पर बात करते हुए प्रोड्यूसर शरद मेहरा ने कहा, ‘व्योम और साची हर फ्रेम में जो ताजगी लेकर आते हैं, वह दर्शकों को सीधे दिल से जोड़ती है। उनकी केमिस्ट्री कच्ची, सच्ची और ईमानदार है। ठीक वैसी, जैसी इस कहानी को जरूरत थी। ‘मन्नू क्या करेगा’ कभी सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं रही, यह तो युवावस्था की उलझनों, नाजुक पलों और उस चुपचाप हिम्मत की बात करती है, जो हर दिल के अंदर होती है। यह टीजर सिर्फ एक झलक है मन्नू की दुनिया की, असली कहानी तो अभी बाकी है।’ ‘मन्नू क्या करेगा’ 12 सितंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
