राजेश सरकार / प्रयागराज
जिला कारागार नैनी में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह आठ बजे मुख्य द्वार पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कारागार परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। समारोह में कारागार के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानिदेशक कारागार द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किए गए पदकों से कारागारकर्मियों को सम्मानित किया गया। सुश्री अभिलाषा उप कारापाल को हीरक पदक, जेल वार्डर दिनेश कुमार विश्वकर्मा को स्वर्ण पदक, जबकि प्रधान सहायक सियाराम मिश्र और जेल वार्डर पवन कुमार राय को रजत पदक प्रदान किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने पदक एवं प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कारागार प्रशासन के संचालन में विशेष योगदान देने वाले प्रधान सहायक सियाराम मिश्र, हेड जेल वार्डर राजेश कुमार मिश्र तथा जेल वार्डर अवधेश यादव और सुनील कुमार यादव को भी प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बंदियों में सिद्धदोष बंदी अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा विचाराधीन बंदी रवि केसरवानी और पुष्पराज को भी सम्मान मिला। सेवानिवृत्त कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इस अवसर पर स्मरण करते हुए सम्मानित किया गया।
इसके बाद कारागार के सर्किल और मल्टीपरपज हाल में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान हुआ, जिसमें अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बंदी भी शामिल हुए। मल्टीपरपज हाल में महिला और पुरुष बंदियों ने लोकगीत, राष्ट्रगीत समेत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। बेथनी कॉन्वेंट स्कूल, नैनी के बच्चों ने भी नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बंदियों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व होने के कारण महिला बैरक में मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला बंदी ज्योति पत्नी अंकित और द्वितीय स्थान पाने वाली सुनैना पुत्री फूलचंद्र को वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने पुरस्कृत किया। साफ-सफाई, स्वच्छता और अनुशासन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली बैरक संख्या 2बी, 9ए और 11 को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और सद्भावना को राष्ट्र एवं समाज के निर्माण का आधार बताया। उन्होंने सभी को इसी भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों और बेथनी स्कूल के बच्चों को टॉफी, मिठाई एवं अन्य सामग्री भी वितरित की गई।
समारोह में कारापाल अनिल कुमार विश्वकर्मा, उप कारापाल शिखर, सौरम सिंह यादव, विजय प्रसाद और अमर सिंह समेत फार्मासिस्ट भूपेंद्र कुमार पांडेय, गिरीश चंद्र मिश्र, शिक्षाध्यापक राकेश सिंह, शिक्षाध्यापिका कल्पना कौशल सहित कारागार के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
