मुख्यपृष्ठग्लैमर'फकीरियत' में दिखेगी महावतार की शिक्षाएं

‘फकीरियत’ में दिखेगी महावतार की शिक्षाएं

सामना संवाददाता / मुंबई

श्री महावतार बाबाजी की दिव्यता और शिक्षाओं पर आधारित हिंदी फिल्म ‘फकीरियत’ 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हाल ही में फिल्म का आधिकारिक टीजर लॉन्च किया गया है, जिसमें बाबाजी के जीवन, उनके विचारों और शिक्षाओं की झलक देखने को मिलती है।
निर्देशक संतोष मांजरेकर का कहना है कि ‘फकीरियत’ का टीजर दर्शकों को फिल्म की आध्यात्मिक यात्रा की झलक देता है। यह एक ऐसा प्रयास है, जो बाबाजी के शिष्य की कहानी के माध्यम से उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना चाहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीजर दर्शकों को पसंद आएगा और वे फिल्म देखने के लिए थिएटर जरूर पहुंचेंगे।
कलाकारों की बात करें तो फिल्म में मुख्य भूमिका में मराठी अभिनेत्री दीपा परब हिंदी फिल्मों में अपनी वापसी कर रही हैं। उनके साथ उदय टिकेकर, संदेश जाधव, विनीत शर्मा, अक्षय वर्तक, नयन जाधव, अनिशा सबनीस जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। संतोष जुवेकर फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण भद्रबाहू डिवाइन क्रिएशन्स एलएलपी के बैनर तले हुआ है। फिल्म की कहानी अनुजा जानवलकर की लिखी किताबों चिरूट जलती है और अध्यात्म: एक विद्रोह एक क्रांति से प्रेरित है। पटकथा अनिल पवार ने लिखी है, जिन्होंने संवाद भी अनुजा जानवलकर के साथ मिलकर तैयार किए हैं।
फिल्म के छायांकन अजित रेड्डी ने किया है और संपादन निलेश गावंड ने। गीतकार समृद्धि पवार के लिखे गीतों को संगीतबद्ध किया है प्रवीण कुंवर ने, वहीं इन गीतों को स्वरबद्ध किया है मनीष राजगिरे, मनोज मिश्रा, जसराज जोशी और नेहा राजपाल ने।

अन्य समाचार