मुख्यपृष्ठनए समाचार‘इंडिया' का नया जोश!...शिवतीर्थ पर उमड़ा जनसैलाब

‘इंडिया’ का नया जोश!…शिवतीर्थ पर उमड़ा जनसैलाब

रामदिनेश यादव / मुंबई
दादर स्थित शिवतीर्थ पर कल रविवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की महासभा में शामिल होने मुंबई और आसपास के शहरों से बड़ी संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा। दोपहर ३ बजे से ही बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा शिवतीर्थ पर होने लगा था। देखते ही देखते यह पूरा मैदान खचाखच भर गया। ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार), समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी, आरजेडी समेत इंडिया गठबंध के अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के हाथों में झंडा लिए मैदान में पहुंच रहे थे। इस महासभा के लिए शिवतीर्थ मैदान में ही नहीं पूरी मुंबई में बढ़-चढ़कर ‘इंडिया’ की हर पार्टी ने पोस्टर और झंडे लगाए थे। सभा में शामिल होने पहुंच रहे कार्यकर्ताओं में भी गजब का उत्साह दिख रहा था। उनके हाथों में झंडे और जुबान से जोरदार नारे निकल रहे थे। छत्रपति शिवाजी महाराज के नारे के साथ कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ मैदान की तरफ बढ़ रहे थे।
इस सभा में आने वालों को देखकर एक बात स्पष्ट लग रही थी कि मुंबई ही नहीं, महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों से भी गरीब और किसान यहां पहुंच रहे थे। क्षेत्र में हर तरफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के पोस्टर लगे हुए थे। शिवसेना का झंडा बुलंद हो रहा था। कांग्रेस ने भी राहुल गांधी के स्वागत में जमकर पोस्टर लगाए थे। इसके अलावा एनसीपी (शरद चंद्र पवार), राष्ट्रीय जनता दल, कम्युनिस्ट पार्टी सहित अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने नेताओं के स्वागत में पोस्टर बैनर, लगाए हुए थे। शाम ६ बजे तक शिवतीर्थ लोगों से खचाखच भर गया। जानकारों की मानें तो लगभग २ लाख लोग यहां जमा हो चुके थे। मैदान भर जाने की वजह से लोगों को शिवसेना भवन के पास ही रोक दिया गया। ऐसे में मैदान के बाहर लगे टीवी स्क्रीन पर ही कार्यकर्ता अपने नेताओं को देख-सुनकर खुश हो रहे थे।
इस सभा में शामिल होने के लिए हजारों कार्यकर्ता दूरदराज के गांवों से आए थे। वे अपने साथ खाना-पीना तक लेकर आए थे। गाड़ियों में झुंड के झुंड लोग यहां पहुंचे थे। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों की भीड़ को देखते हुए चुस्ती दिखाई थी। ज्यादातर वाहनों को दादर क्षेत्र की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया, तो लोग पैदल ही शिवतीर्थ तक चलकर पहुंच रहे थे। कार्यकर्ताओं के हौसले के सामने पुलिस भी पस्त नजर आ रही थी। एक कार्यकर्ता सुनील जाधव ने बताया कि उनके साथ १५ लोग इगतपुरी से यहां आए हैं, लेकिन उन्हें वहां माटुंगा में ही रोक दिया गया, वे सभी लोग माटुंगा से पैदल चलकर शिवतीर्थ पहुंचे हैं।

अन्य समाचार