मुख्यपृष्ठनए समाचारआदिवासी ही हैं देश के असली मालिक ... ‘जल, जंगल और जमीन...

आदिवासी ही हैं देश के असली मालिक … ‘जल, जंगल और जमीन का अधिकार बरकरार रखेगी कांग्रेस’ … राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नंदुरबार में जोरदार स्वागत

सामना संवाददाता / मुंबई
आदिवासी ही देश के असली मालिक हैं, इस देश में जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार आदिवासियों का है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी आदिवासियों को वनवासी कह कर उन्हें अधिकार से वंचित कर रही है। भाजपा सरकार दलितों और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर उद्योगपति अडानी को दे रही है। आदिवासियों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है लेकिन कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के अधिकारों की रक्षक है। देश की आबादी में ८ फीसदी हिस्सेदारी आदिवासियों की है लेकिन सत्ता में उनकी हिस्सेदारी उतनी नहीं है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद यह तस्वीर बदल जाएगी और जिनकी जितनी आबादी है, उस आधार पर उन्हें अधिकार दिए जाएंगे। इस बात की घोषणा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को नंदुरबार में की। उन्होंने आश्वासन दिया है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने के बाद आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के—–ङ अधिकार को अक्षुण्ण रखा जाएगा। महाराष्ट्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत मंगलवार को नंदुरबार से हुई। इस मौके पर राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया।
२२ उद्योगपतियों का १६ लाख करोड़ कर्ज माफ
उन्होंने कहा कि आज देश में सिर्फ २२ लोगों के पास ७० करोड़ लोगों के बराबर संपत्ति है। इससे समझा जा सकता है कि देश में कितनी असमानता है। आदिवासियों की आबादी ८ प्रतिशत है लेकिन देश के किसी भी क्षेत्र में आदिवासियों की ८ प्रतिशत भागीदारी नहीं है। यूपीए सरकार द्वारा लाए गए भूमि अधिग्रहण कानून को भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है। अगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आई तो इस कानून को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा। जातिवार जनगणना की जाएगी। कृषि के लिए एमएसपी कानून लागू किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में आदिवासी आबादी ५० प्रतिशत है, वहां आदिवासियों को सभी निर्णय लेने का अधिकार दिया जाएगा। २४ साल में मनरेगा पर खर्च की गई करीब १६ लाख करोड़ की रकम के बराबर २२ उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया गया, लेकिन आदिवासियों और गरीबों का एक रुपया भी माफ नहीं किया गया।
भाजपा ने जिन पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, वे है सत्ता में भागीदार -पटोले
इस अवसर पर बोलते हुए, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि १२ मार्च को, महात्मा गांधी ने दमनकारी ब्रिटिश शासन के खिलाफ दांडी तक मार्च किया था, और आज महाराष्ट्र में मंगल कलश लाने वाले यशवंतराव चव्हाण की जयंती भी है। आदिवासियों के लिए होली का पहला दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू, फुले, आंबेडकर न्याय यात्रा की इस पवित्र भूमि पर आ चुके हैं। भाजपा सरकार आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार कर रही है। मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार हुआ लेकिन भाजपा सरकार आंखों पर पट्टी बांधे हुए है। यह इतिहास है कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाली सरकार सत्ता में नहीं रहती हैं। भाजपा उन्हीं को सत्ता में लाती है जिन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाती है। जिस नेता पर जल संसाधन विभाग में घोटाला होने का आरोप लगाया गया, उन्हें सत्ता में शामिल कर लिया गया। आज महाराष्ट्र में खोके और बोके की भ्रष्ट सरकार है।
महराष्ट्र में आघाड़ी की सत्ता आनी तय -थोरात
इस अवसर पर विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि नंदुरबार कांग्रेस विचारधारा का जिला है, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी नंदूबार से ही लोकसभा अभियान का शुभारंभ करते थे। नंदुरबार का भी एक लंबा इतिहास है। १९४२ के आंदोलन में नंदुरबार जिले ने पहला बलिदान दिया था। राहुल गांधी पहले ४००० किमी पैदल चले और अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से न्याय दिलाने का संकल्प लेकर मणिपुर से मुंबई तक निकल पड़े हैं। थोरात ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वानर करते हुए कहा कि एक बार फिर महाराष्ट्र और केंद्र में आघाड़ी की सत्ता आनी तय है। इस सभा में प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला आदि नेता मौजूद थे।

अन्य समाचार